कोरोना वायरस के प्रकोप को बढ़ने से रोकने के लिए जिले के सभी पुलिस थानों में जनता से जुडे के कार्यों पर रोक लगा दी गई है। अगर किसी व्यक्ति को किसी अपराध, प्रताड़ना या घटना की शिकायत करनी है तो वह मोबाइल पर कॉल कर या ई-मेल कर सकता है। लोगों की सुविधाओं के लिए पुलिस विभाग ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं। इन नंबरों पर फोन कर संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। रविवार को ही पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि आगामी आदेशों तक जिले के सभी थानों में पब्लिक डिलिंग के कार्यों पर रोक रखी जाए। इस संबंध में जिला उपायुक्त श्यामलाल पूनिया भी आदेश जारी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अगर किसी जिलावासी को अपनी शिकायत दर्ज करवानी है तो उसे थाने या चौकी में जाने की जरूरत नहीं होगी। अब शिकायत ई-मेल या फोन कॉल के जरिए भी दर्ज की जाएगी। उन्होंने बताया कि ई-मेल से शिकायत भेजने वाले को तुरंत रिस्पोंस मिलेगा और इसकी व्यवस्था करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दे दिए गए हैं।
चरखी दादरी जिले में छह पुलिस थाने और पांच चौकियां हैं। दादरी शहर में सिटी थाना, सदर थाना व महिला थाना सहित बस स्टैंड चौकी है। वहीं, इनके अलावा बाढड़ा, झोझूकलां और बौंदकलां में पुलिस थाना है। जिले में इमलोटा, अटेला, अचीना व चिड़िया गांव में पुलिस चौकी है। इन सभी के लिए पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी किए हैं।
जिले में प्रतिदिन आठ से दस एफआईआर होती हैं दर्ज
जिले के सभी थानों और चौकियों में प्रतिदिन आठ से दस एफआईआर दर्ज होती हैं। सूत्रों के अनुसार प्रतिदिन आठ से दस शिकायतों का दोनों पक्षों के समझौते से निपटान हो जाता है। सबसे अधिक एफआईआर चरखी दादरी सदर थाने में दर्ज होती हैं। दूसरे नंबर पर दादरी सिटी थाना और तीसरे नंबर पर बाढड़ा थाना रहता है। जिले में पुलिस कर्मचारियों की संख्या 1250 से पार हैं और इनमें करीब 350 से अधिक एसपीओ भी शामिल हैं।
ये हेल्प लाइन नंबर किए जारी
एसपी बलवान सिंह राणा - 74193-01100
डीएसपी हेडक्वार्टर जोगेंद्र सिंह - 74193-01102
डीएसपी शमशेर दहिया - 74193-01130
डीएसपी बौंद बल्ली सिंह - 74193-01101
डीएसपी बाढड़ा अनिल कुमार - 74193-01103
सिटी थाना - 74193-01104
सदर थाना - 74193-01105
बाढड़ा थाना - 74193-01106
बौंदकलां थाना - 74193-01107
झोझूकलां थाना - 74193-01125
महिला थाना - 74193-01109