हड़ौदी गांव के समीप सड़क पर लावारिस गोवंश को बचाने के प्रयास में एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। मृतक बाढड़ा के बन गोठडी गांव का रहने वाला था। अटेला कलां चौकी पुलिस ने वीरवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार बन गोठडी निवासी रणधीर (35) डोहका दीना स्थित केसर किसान पेट्रोल पंप पर बतौर सेल्स मैनेजर कार्यरत था। बुधवार रात करीब दस बजे वह ड्यूटी खत्म कर पिकअप में सवार होकर गांव जाने के लिए चला था। जब वह हड़ोदी गांव के समीप पहुंचा तो सड़क पर अचानक से लावारिस गोवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में रणधीर संतुलन खो बैठा और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में रणधीर की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही अटेला कलां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव व क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
वीरवार सुबह पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल मंजीत ने बताया कि मृतक दो भाइयों में बड़ा था और उसके तीन बच्चे हैं।