कस्बे की अनाज मंडी में मौके पर पहुंची पुलिस टीम कार्रवाई करते हुए।
बाढड़ा। खलिहान से फसल मंडी लाने वाले एक पिकअप चालक के 50 किलो सरसों की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। मंडी पहुंचने पर उसकी हरकत का पता चल गया। संदेह होने पर पिकअप का दोबारा धर्मकांटे पर वजन कराया गया तो 50 किलो की गड़बड़ी मिली। मंडी प्रधान हनुमान शर्मा की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। वहीं, चालक मौके से फरार हो गए।
दरअसल, दो पिकअप चालक सरसों लेकर शुक्रवार को बाढड़ा मंडी पहुंचे थे। बताया गया कि एक पिकअप के मंडी पहुंचने से पहले चालक ने किसी को सरसों का एक बैग भरकर दे दिया। उसे ऐसा करते किसी ने देख लिया और मंडी में पिकअप नंबर नोट कराते हुए चालक की इस हरकत की सूचना दी।
हनुमान शर्मा, आढ़ती बिजेंद्र, कृष्ण, मनजीत, अनिल डालावास व योगेश आदि ने बताया चालक ने सरसों उतारने से पहले धर्मकांटे पर वजन करवाया था। मंडी पहुंचने से पहले सरसों उतारने की सूचना मिलने पर पिकअप का दोबारा धर्मकांटे पर वजन कराया गया। उस दौरान 50 किलोग्राम की गड़बड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। दोनों पिकअप चालक मौके से फरार हो गए। हनुमान शर्मा ने बताया कि इस संबंध में लिखित शिकायत भी दी गई है।
- मंडी परिसर पहुंची पुलिस टीम
सूचना देने के बाद पुलिस टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची और उस दौरान पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं, बाढड़ा थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने कहा कि वो किसी काम से थाने से बाहर है। इस मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। थाने पहुंचते ही इसका अपडेट लेंगे।