संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कृषि विभाग की ओर से सीआरएम स्कीम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत किसानों को विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्र अनुदान पर दिए गए थे जिनमें मुख्य रूप से सुपर सीडर, ट्रैक्टर माउंटेड लोडर, सेल्फ प्रोपेल्ड रीपर बाइंडर आदि शामिल हैं।
इसमें से जिन किसानों ने 30 नवंबर तक पोर्टल पर बिल अपलोड करवा दिए थे, उन किसानों का वेरिफिकेशन विभाग की ओर से दो दिसंबर को पहले किया जा चुका है, लेकिन जिन किसानों ने अपने बिलों को 1 दिसंबर से लेकर 10 दिसंबर तक पोर्टल पर अपलोड किया है उनकी वेरिफिकेशन 12 व 14 दिसंबर को दादरी और बाढड़ा में विभिन्न स्थानों पर की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए कृषि विभाग के अधिकारी विवेक बागला ने बताया कि चरखी दादरी में नई अनाज मंडी में 12 दिसंबर को केवल सुपर सीडर मशीनों का भौतिक सत्यापन सुबह 9 से 11 बजे तक तथा उसके बाद बाढड़ा में दोपहर 12 से एक बजे तक किया जाएगा। इसके अलावा 14 दिसंबर चरखी दादरी में बाकी अन्य कृषि यंत्रों का सत्यापन सुबह 9 से 11 बजे तक तथा बाढड़ा में दोपहर 12 से एक बजे तक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी किसान अपने कृषि यंत्र लेकर समय अनुसार पहुंचे। सफल सत्यापन के बाद सब्सिडी की पहली किस्त उनके खातों में जल्दी ही डाल दी जाएगी।