घटनास्थल पर जांच करती सीन ऑफ क्राइम टीम।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। बौंद कलां कस्बे में रविवार रात घर के पास ही एक दुकान के बाहर खड़े पीजीटी लेक्चरर ललित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर भाग निकले। पुलिस ने चार नामजदों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। सोमवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक 38 वर्षीय ललित कुमार कस्बे के ही मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भूगोल प्रवक्ता (लेक्चरर) के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे करीब 15 वर्ष पुरानी रंजिश सामने आई है। हरियाणा पुलिस में रोहतक में तैनात नवीन आर्य ने रिपोर्ट में बताया कि रविवार को वह छुट्टी पर घर आया हुआ था। रात करीब 9 बजे वह अपने दोस्त नवीन कुमार के साथ मिरान पाना की परस वाली गली से गुजर रहा था। भाई ललित कुमार वहीं अपने घर के पास किरयाना की दुकान के बाहर खड़ा था। तभी दो बाइक पर सवार चार युवक आए। एक बाइक पर जितेंद्र उर्फ जीतू और अजीत तथा दूसरी बाइक पर नितिन व सतेंद्र उर्फ लीला निवासी बौंद कलां सवार था। ललित कुमार इन्हें देखकर वहां से चलने लगा तो सतेंद्र उर्फ लीला ने जितेंद्र व अजीत को उसके भाई की तरफ इशारा करते हुए गोली मारने के लिए कहा। जितेंद्र ने पिस्तौल से ललित के सिर में पीछे से गोली मार दी। वह भागकर ललित के पास पहुंचा आरोपियों ने उसकी तरफ पिस्तौल तानते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी। ललित को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई लेकर गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पहले से दर्ज है प्राथमिकी
नवीन आर्य ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2010 में सतेंद्र व अन्य ने उसके भाई ललित को गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। इस संबंध में बौंद कलां थाने में प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। इसके बाद से ही सतेंद्र भाई ललित और उसके परिवार से रंजिश रखता था। ललित कुमार एक बेटी और एक बेटा है। उनकी मौत के बाद से परिवार में गम का माहौल है।
सूचना मिलती ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बौंद कलां थाना प्रभारी राजकुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। सीन ऑफ क्राइम टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। देर रात पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। थाना प्रभारी ने बताया कि चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
घटनास्थल पर जांच करती सीन ऑफ क्राइम टीम। - फोटो : 1