सीवर समस्या से त्रस्त लोगों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर जताया रोष
चरखी दादरी।
वार्ड 12 व 17 में सीवर लाइन ब्लॉक होने के कारण मैनहोल ओवरफ्लो कर रहे हैं। समस्या से त्रस्त वार्डवासी बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे और वहां समाधान न होने पर रोष जताया। लोगों ने बताया कि कबीर नगर की तीन व वार्ड 17 की चार गलियों में यह समस्या बनी हुई है। दोनों वार्डों के 300 घरों में रहने वाले 1200 से अधिक लोग समस्या का दंश झेल रहे हैं। एसडीएम विरेंद्र सिंह ने लोगों को जल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। वहीं, इन वार्ड के निवर्तमान पार्षदों का कहना है कि सीवर समस्या को लेकर कई बार विभाग के अधिकातरियों से मिल चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
दो वार्डों में सीवर ओवरफ्लो से परेशान लोगों ने बुधवार को रोष जताया। लोगों का कहना है कि 10 माह से गलियों में सीवर समस्या बनी हुई है। सीवर लाइन की सफाई विभाग नहीं करवा रहा जिसके कारण सीवर मैनहोल बैक मार रहे हैं और दूषित पानी घरों के सामने भरा हुआ है। वार्ड निवासी बलराज खरेरा, सुभाष, अनुप, संजय, इंद्रावती, संतरा, कृष्णा, सुशीला और पुष्पा का कहना है कि सीवर का दूषित पानी मकानों के सामने भरने से वातावरण दुर्गंधमय बना हुआ है और उनका घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वो कई बार समस्या से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है।
उनका कहना है कि लोगों और विद्यार्थियों को दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई दिनों तक गली में भरे पानी मच्छर पनप रहे हैं और लोगों में बीमारियों का शिकार होने का भय बना हुआ है। एसडीएम से मिलने पहुंचे लोगों ने बताया कि 9 अगस्त को समस्या को लेकर वो एक्सईएन से मिले थे और उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे कड़ा कदम उठाने को विवश होंगे।
निवर्तमान पार्षद बोले: आश्वासन पर जल्द खरा उतरे अधिकारी
वार्ड-17 की निवर्तमान पार्षद सुमन देवी और वार्ड-12 पार्षद ज्योति कुमारी का कीना है कि वो मौखिक और लिखित रूप में शिकायत देकर विभाग को वार्ड की सीवर समस्याओं से अवगत करवा चुकी हैं। विभाग के अधिकारियों ने जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है। निवर्तमान पार्षदों का कहना है कि जल्द से जल्द अधिकारियों को आश्वासन पर खरा उतरकर लोगों को समस्या से निजात दिलानी चाहिए।
वर्जन:
वार्ड 12 व 17 के लोगों ने सीवर समस्या को लेकर शिकायत दी है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मैंने निर्देश दे दिए है। जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
विरेंद्र सिंह, एसडीएम
वर्जन:
वार्ड 17 में दूषित पानी निकालने के लिए मोटर लगवा दी गई है और कबीर नगर में भी एक दो दिन में सीवर लाइन ब्लॉकेज खुलवाकर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
अरुण कुमार, जेई जनस्वास्थ्य विभाग