दादरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवार होते यात्री।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। आगामी होली पर्व के दौरान रेल यात्रियों की भारी भीड़ के मद्देनजर उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने अहम निर्णय लिया है। यात्रियों को भीड़भाड़ से निजात दिलाने के लिए भिवानी-जयपुर रूट पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन में अतिरिक्त बोगियां जोड़ने का प्रावधान किया गया है।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 09733 (जयपुर-भिवानी) और 09734 (भिवानी-जयपुर) में सामान्य श्रेणी के 9 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यह सुविधा आगामी 3 मार्च से 9 मार्च तक अस्थायी तौर पर उपलब्ध रहेगी।
चरखी दादरी स्टेशन पर समय सारणी
जयपुर से भिवानी ट्रेन नंबर (09733) सुबह जयपुर से 7:03 बजे प्रस्थान करती है और दोपहर 1:13 बजे चरखी दादरी स्टेशन पर पहुंचती है। यहां इसका दो मिनट का ठहराव होता है। वहीं भिवानी से जयपुर ट्रेन संख्या (09734) शाम 4:05 बजे भिवानी से चलकर 4:28 बजे दादरी पहुंचती है।
अन्य ट्रेनों में भी बढ़ाई जाएंगी बोगियां
दादरी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन ठहराव करने वाली सवारी रेलगाड़ी संख्या 14715-14716 हिसार-जयपुर में सामान्य श्रेणी की दो अतिरिक्त बोगियां, पैसेंजर ट्रेन नंबर 14725-14726 भिवानी-मथुरा पैसेंजर ट्रेन में भी सामान्य श्रेणी की तीन अतिरिक्त बोगियां लगाई जाएंगी। वहीं भिवानी से वाया रिंगस होते हुए ढहर का बालाजी तक आवागमन करने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 14705-14706 में भी सामान्य श्रेणी की तीन अतिरिक्त बोगियां लगाई जाएंगी। इन ट्रेनों में चार मार्च से तीन अप्रैल तक अतिरिक्त बोगियां लगाई जाएंगी।
वर्सन :
होली के त्योहार पर होने वाली भीड़ को देखते हुए भिवानी-जयपुर स्पेशल ट्रेन में एक सप्ताह के लिए 9 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। हमारा प्रयास है कि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर मिले।- अमित सुदर्शन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे।