चरखी दादरी। रानीला से पिलाना वाया बौंद कलां होकर दादरी से शाम को जाने वाली बस में यात्रियों एवं युवाओं के साथ रोडवेज बस चालक की ओर से दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। युवाओं ने इसकी शिकायत परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों को दी है।
अधिकारियों को दी शिकायत में अंजलि, सुमित, रोहित साहू, सुषमा, रवीना, अंकित साहू, नवीन, प्रिया, अमित, संजय बंसल आदि ने बताया कि परिवहन बस के रानीला स्थित दादा गुसाई बस स्टैंड पर पहुंचने पर चालक ने बस को आगे ले जाने से मना कर दिया। चालक ने तर्क दिया कि आगे बस जाने का रास्ता नहीं है, जबकि रास्ता बंद नहीं था।
बस में सवार लड़कियों ने चालक से कहा कि अंधेरा हो चुका है वे इतनी दूर पैदल कैसे जाएंगी। ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया कि चालक ने बस को बंद कर दिया और डंडा लेकर यात्रियों के साथ मारपीट करने की कोशिश की। इस दौरान बुजुर्ग महिला को धक्का लगने से उसे थोड़ी चोटें आई। संवाद