चरखी दादरी। पंचायती राज संस्थाओं के छठे आम चुनाव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी इस बार म्हारी पंचायत पीआरआईइलेक्शन्स डॉट एनआईसी डॉट आईएन पोर्टल पर उपलब्ध रहेंगी। हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने इस पोर्टल को एनआईसी के माध्यम से विशेष रूप से तैयार करवाया है। कोई भी व्यक्ति नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना को लेकर इस पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकेगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीति ने बताया कि पोर्टल पर उम्मीदवारों के नामांकन, चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूचियां डाली जाएंगी। इसके अतिरिक्त मतदान व मतगणना के दिन के लिए ई-डैशबोर्ड तैयार करवाया गया है ताकि चुनावों के रुझान, मतदान प्रतिशत व अंतिम नतीजों को कोई भी घर बैठे पोर्टल पर देख सकते है। सूचना प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से पंचायती चुनाव से जुड़ी जानकारियों से मतदाता घर बैठे अपडेट रहेंगे। इसके जरिये जिला परिषद, ब्लॉक समिति, सरपंच व पंच के नामांकनों के बारे में लाइव अपडेट मिलेगा। पोर्टल को एनआईसी के माध्यम से तैयार करवाया गया है।