चरखी दादरी। 42 दिन की हड़ताल के बाद लिपिकों के वीरवार से काम पर लौटने से लोगों ने राहत की सांस ली है। पहले दिन अधिकांश कार्यालयों में भीड़ रही जिसके चलते लिपिकों को भी व्यवस्था बनाने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। कार्यालयों में लगे फाइलों के ढेरों को देखकर लिपिकों के भी पसीने छूट गए। लिपिकों की हड़ताल समाप्त होने के बावजूद पहले दिन तहसील कार्यालय में पोर्टल ठप होने के चलते कोई रजिस्ट्री नहीं हो पाई।
वहीं पिछले 42 दिनों से हड़ताल के चलते वाहन पंजीकरण शाखा में करीब 2150 आवेदन लंबित चल रहे हैं। ऐसे में पहले दिन कार्यालय में लोगों की खासी भीड़ जमा रही लेकिन केवल 60 आवेदनों का ही निपटान किया गया। इनमें वाहनों के नए पंजीकरण, एनओसी, डुप्लीकेट आरसी, लोन ऐड, नेम ट्रांसफर, रिन्यू के आवेदन लंबित चल रहे हैं। पहले दिन लघु सचिवालय स्थित वाहन पंजीकरण शाखा में लोगों की अच्छी भीड़ उमड़ी। जिसके चलते कर्मचारी भी काफी व्यस्त नजर आए।
वहीं, डीएल शाखा में पहले दिन 71 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस, डुप्लीकेट लाइसेंस, रिन्यू, ड्राइविंग टेस्ट, रिन्यूवल री टेस्ट, सर्विस चार्ज, पोस्टल चार्ज के लिए आवेदन फाइल जमा कराई। लाइसेंस शाखा में पिछले 43 दिनों में करीब 1700 आवेदन लंबित चल रहे हैं। ऐसे में महज लंबित आवेदनों की फाइलों के निपटान में ही करीब 20 दिन का समय लग जाएगा। जबकि नए आने वाले प्रतिदिन 40 से 50 आवेदनों के निपटान भी जारी रहेंगे। ऐसे में लिपिकों के लिए तय समय में सभी आवेदनों का निपटान करना किसी चुनौती से कम नहीं रहेगा।
रजिस्ट्री लेने के लिए डेढ़ माह से तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहा हूं। लिपिकों की हड़ताल के चलते रजिस्ट्री नहीं मिल पा रही थी। वीरवार को रजिस्ट्री मिलने से राहत मिली है।
-मुन्ना, गांव पैंतावास
डेढ़ माह पहले बारिश में भीगने से लाइसेंस खराब हो गया था। इसके बाद से ही लाइसेंस की डुप्लीकेट कॉपी लेने के लिए चक्कर लगा रहा हूं। वीरवार को आवेदन के दस्तावेज जमा हो पाए हैं। अब उम्मीद है कि जल्द ही लाइसेंस की डुप्लीकेट काॅपी मिल जाएगी।
-सतीश, दादरी
ड्राइविंग लाइसेंस की रिन्यू डेट चार जुलाई थी। चार जुलाई को किसी कारण से नहीं पहुंच पाया। इसके बाद पांच को लिपिक हड़ताल पर चले गए। जिसके कारण रिन्यू फाइल जमा नहीं हो पाई थी। अब आवेदन जमा किया है। अब जल्द ही लाइसेंस रिन्यू होने की उम्मीद है।
- रोहित, बौंदकलां
लिपिकों की हड़ताल के चलते पिछले डेढ़ माह आवेदन फाइल जमा नहीं हो रही थी। वीरवार को कड़ी मशक्कत के बाद फाइल जमा हो पाई है। लाइसेंस रिन्यू की डेट भी जा चुकी है। लेकिन कर्मचारियों ने बताया कि लाइसेंस रिन्यू हो जाएगा तथा इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं देना होगा।
- राजमल, उण