चरखी दादरी। लघु सचिवालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में खूब गहमागहमी रही। पहले फरियादियों ने तल्ख तेवर दिखाए तो उनके नरम पड़ने पर अधिकारियों के प्रति कष्ट निवारण समिति सदस्य गर्म हो गए। जिम्मेदार अधिकारियों के व्यवहार पर उद्योग एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा और डीसी मनदीप कौर को भी गुस्सा आया। हालांकि सभी गुस्से चंद शब्दों से बयां कर दबा गए। जनहित के एक मुद्दे पर मंत्री ने एमवीओ को निलंबित कर दिया जबकि ढाणी फाटक रेलवे ओवरब्रिज के काम में प्रयोग निर्माण सामग्री की जांच भी कराने का आदेश दिया।
परिवहन मंत्री मूलचंद शुक्रवार सुबह 11 बजे लघु सचिवालय सभागार में आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे। वहां उनके समक्ष 14 परिवाद रखे गए जिनमें से नौ का मौके पर निपटान किया गया जबकि पांच को लंबित रखा गया। इन मामलों में जांच और कार्रवाई के आदेश मंत्री की ओर से जिला प्रशासन को दिए गए।
बैठक में रोहतक रोड निवासी हरीश कुमार ने गली में अवैध कब्जे की शिकायत बताई। फरियादी ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उनकी समस्या नहीं सुलझी। इस पर मंत्री ने नगर परिषद ईओ से कहा कि आरोपी का रोजाना 5,000 रुपये का चालान करो। फिर भी अतिक्रमण न हटने पर एफआईआर दर्ज करवाओ।
हीरा चौक निवासी दिनेश वशिष्ठ ने मंत्री के समक्ष फर्जी प्रॉपर्टी आईडी के जरिये रजिस्ट्री करवाकर जमीन हड़पने का मामला दूसरी बार रखा। इस मामले में जिला राजस्व अधिकारी ने बताया कि पहले पुलिस ने मामले की जांच की, लेकिन अब ये मामला उनके पास आया है। मंत्री ने अगली बैठक तक इस मामले की रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि नगर परिषद अधिकारियों का काम जनहित में उन्हें करना पड़ रहा है। शिकायत मिलने पर भी अधिकारियों ने इस धोखाधड़ी की जांच नहीं की क्योंकि इस गैरकानूनी कार्य में छह पार्षद भी शामिल हैं।
- मंत्री ने एनएचएआई के एक्सईएन को दिए आरओबी चालू कराने के निर्देश
अधिवक्ता शीतल साहू ने जर्जर सड़कों को सुधारने और करीब 10 माह से बंद किए गए ढाणी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को खोलने की मांग की। उन्होंने घटिया निर्माण सामग्री लगाने का भी आरोप लगाया। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन संजय छपारिया समेत कष्ट निवारण समिति के सदस्य कुलदीप जोश और अधिवक्ता रामकिशन गुप्ता ने उनका समर्थन किया। इसलिए मंत्री ने एनएचएआई के एक्सईएन को फटकार लगाई। पूछा कि आरओबी के मरम्मत कार्य में और कितना समय लेंगे। इस पर एक्सईएन ने 10 दिन में आरओबी से वाहनों की आवाजाही चालू करवाने का भरोसा दिलाया।
- पार्षद बोले : सीवर सफाई के नाम पर जनस्वास्थ्य विभाग के पास केवल फट्टी
इस बैठक में पार्षद अजय सांगवान ने वार्ड में ठप सीवर लाइन खोलने की मांग की। पार्षद ने मंत्री को बताया कि सीवर सफाई के नाम पर जनस्वास्थ्य विभाग के पास केवल फट्टी है। पार्षद विनोद सिंहमार ने मंत्री मूलचंद से दादरी को सुपर सकर मशीन दिलाने की मांग की। पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र चरखी ने एजेंसी की ओर से किए जा रहे कचरा उठान कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगा जांच की मांग की।
- चेयरमैन बक्शी से बोलीं डीसी: ये जिले की बैठक है, शहर के मुद्दे खुद सुलझाओ
बैठक में शहर के करीब आठ पार्षदों ने मंत्री मूलचंद शर्मा से समस्या सुलझाने की मांग की। इस पर डीसी मनदीप कौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने मंच पर मौजूद चेयरमैन बक्शीराम सैनी से कहा कि ये जिले की बैठक है। शहर के मुद्दे खुद सुलझाओ।