चरखी दादरी। शहर के नागरिकों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए डी-प्लान के तहत नगर परिषद तीन पार्कों में ओपन जिम का निर्माण करवाएगा, ताकि शहर के युवा महंगे जिम सेंटरों में पैसा लगाने के बजाय ओपन जिम में कसरत कर पैसे की बचत कर सके। इसके नगर परिषद की ओर से पार्काे का चयन कर लिया गया है।
मिनी पार्कों में जिम बनने के बाद दो हजार से अधिक लोग अपनी सेहत का ख्याल रख सकेंगे। इन दिनों स्वास्थ्य का लाभ लेने के लिए जिमों में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ रही हैं। जिम संचालक कसरत करने आने वाले लोगों से मनमाना पैसा वसूल कर रहे हैं। जिम के प्रति युवाओं की बढ़ी होड़ को देखते हुए नगर परिषद डी-प्लान के तहत शहर के वार्ड 11 स्थित वाल्मिकी पार्क, मंगल मार्केट में बने मंगल पार्क, पुरानी सब्जी मंडी रोड पर सरस्वती पार्क में ओपन जिम खुलवाने का काम कर रही हैं।
डी-प्लान के तहत जारी 10 लाख रुपये की राशि से बनने वाले ओपन जिम का स्थानीय लोगों के अलावा साथ लगते वार्डों के लोग भी लाभ उठा सकेंगे। नगर परिषद ने ओपन जिम बनवाने के लिए निविदाएं आवंटित की गई हैं। नगर परिषद चेयरमैन का कहना है कि जल्दी ही कागजी कार्रवाई पूरी जिमों का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
जानिए...क्या होती है ओपन जिम
ओपन जिम एक फिटनेस स्पेस है, जहां आप बिना किसी सख्त शेड्यूल या व्यक्तिगत कार्यक्रम के विभिन्न उपकरणों का उपयोग करते हुए, अपनी गति से व्यायाम कर सकते हैं। ओपन जिम में सदस्यों को अपनी दिनचर्या चुनने और अपने समय पर व्यायाम करने की स्वतंत्रता होती है। जिससे अक्सर एक आरामदायक और स्व-निर्देशित वातावरण बनता है।
पैसे की बचत के साथ समय की मिलेगी छूट
अक्सर जिम संचालक कसरत करने वाले लोगों से मनमाने ढंग से पैसे लेकर समय का भी निर्धारण कर देते हैं। जिम में भीड़ होने पर अक्सर लोग मन मुताबिक कसरत नहीं कर पाते, तब तक उनका समय समाप्त हो जाता है। वहीं, ओपन जिम में समय की कोई पाबंदी नहीं होती, लोग निशुल्क लाभ उठा सकते हैं।
शहर के तीन मिनी पार्कों में ओपन जिम बनाने के लिए निविदाएं आवंटित की गई हैं। जल्दी ही निविदाएं खुलने के बाद कार्यादेश जारी कर दिए जाएंगे।
- बक्सी राम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद।