फोटो 17 : दादरी के नागरिक अस्पताल में ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए लाइन में लगे लोग। संवाद
सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन, एक्यूआई घटकर पहुंचा 268 पर
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बदलते मौसम के साथ वातावरण में बढ़े प्रदूषण के स्तर के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पिछले एक सप्ताह के दौरान तापमान में गिरावट आई है।
वीरवार को दिन का तापमान 32 डिग्री तो रात का तापमान 17 डिग्री पर आ गया है। घटते तापमान का असर लोगों पर साफ तौर पर देखा जा सकता है। सुबह से ही अस्पतालों में मरीजों की भीड़ दिखाई देनी शुरू हो गई थी। वहीं, ओपीडी में भी तेजी से इजाफा हुआ है। दादरी के नागरिक अस्पताल में सामान्य दिनों में 700 से 800 तक रहने वाली ओपीडी दोगुनी होकर 1400 पर पहुंच गई है। हवा प्रदूषित होने के बाद ओपीडी में सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन, दर्द से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ी है।
सांस संबंधी मरीजों की 200 से ज्यादा ओपीडी
दीपावली पर पटाखे व आतिशबाजी से बढ़े प्रदूषण के स्तर के कारण नागरिक अस्पताल में श्वांस संबंधित रोगियों की संख्या में भी उछाल देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन 200 से ज्यादा ओपीडी सांस के मरीजों की हो रही है। इस प्रकार के मरीजों को सांस लेने में परेशानी, दम घुटने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
94 अंक तक कम हुआ एक्यूआई
राहत की बात यह है कि बुधवार की तुलना में दादरी जिले में वीरवार को एक्यूआई में 94 अंकों तक की गिरावट देखने को मिली। बुधवार को जिले में एक्यूआई 362 था तो वीरवार को यह घटकर 268 पर आ गया। एक्यूआई कम होने के कारण वीरवार दोपहर को मौसम भी साफ रहा। हालांकि, अब भी जिले की हवा काफी हद तक प्रदूषित है। बता दें कि एक्यूआई 50 अंक से नीचे हो तब अच्छे की श्रेणी में आता है।
दोगुनी हुई ओपीडी
पिछले करीब एक सप्ताह से मौसम में हुए बदलाव के कारण काफी लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसके कारण जिले के निजी व सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। सामान्य तौर पर जिला नागरिक अस्पताल में ओपीडी 700 से 800 तक दर्ज की जाती है। लेकिन इन दिनों सुबह-शाम व रात को हो रही ठंड के कारण अब ओपीडी 1400 तक पहुंच गई है। सांस लेने में परेशानी के अलावा खांसी, बुखार, जुकाम, गले में दर्द आदि के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।
रात को ठंड, दिन में गर्मी का अहसास
जिले में रात को पारा 17 डिग्री तक पहुंच गया है तो दिन में अब भी पारा 30 के ऊपर चल रहा है। तापमान में 15 डिग्री का यह अंतर लोगों के लिए असमंजस की स्थिति पैदा कर रहा है। लोग रात को गर्म वस्त्र पहनकर सो रहे हैं तो वहीं, दिन के समय पंखा चलाना पड़ रहा है। मौसम का यह बदलाव, खासकर बच्चों को बीमार कर रहा है।