गांव भैरवी स्थित राजकीय पीजी कॉलेज दादरी।
चरखी दादरी। जिले के सरकारी और निजी कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि रविवार होने के कारण विद्यार्थियों में पूरे दिन उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उच्चतर शिक्षा विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए।
हालांकि देर शाम तक आवेदन प्रक्रिया जारी रहने से अंतिम आंकड़े सामने नहीं आ सके थे। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि अंतिम दिन बड़ी संख्या में आवेदन आने से कुल आवेदन संख्या में हल्की बढ़ोतरी हुई है।
दादरी जिले के आठ कॉलेजों में इस सत्र के लिए कुल 4202 सीटों पर दाखिले होने हैं। अंतिम दिन तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार करीब 60 प्रतिशत सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके थे। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के बाद से विद्यार्थियों की मांग और तकनीकी कारणों को देखते हुए उच्चतर शिक्षा विभाग तीन बार आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा चुका है।
प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। ऐसे में विद्यार्थियों ने साइबर कैफे, कॉमन सर्विस सेंटर और मोबाइल फोन के माध्यम से आवेदन किए। कई विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ कॉलेजों में पहुंचकर भी आवेदन संबंधी जानकारी लेते रहे। कॉलेज प्रशासन की ओर से हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराई गई।