बाबा चांदूदास के गेट के सामने सांकरोड रोड पर पुलिस ने सोमवार रात चोरी के ट्रैक्टर सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। ट्रैक्टर सवार उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे ट्रैक्टर बेचने उत्तर-प्रदेश जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात बौंदकलां थाना पुलिस टीम हेड कांस्टेबल अनिल कुमार के नेतृत्व में सांकरोड रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबर ने सूचना दी कि भिवानी के गोरीपुर गांव निवासी रामधारी और बडसी निवासी प्रेम के पास चोरी का ट्रैक्टर है। वे कुछ देर बाद दादरी से बौंद की तरफ आएंगे। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी है।
वाहनों की चेकिंग के दौरान कुछ देर बाद एक स्वराज 855 ट्रैक्टर दादरी की तरफ से आता दिखाई दिया। नाकाबंदी देखकर ट्रैक्टर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रामधारी के रूप में हुई। उसने बताया कि ट्रैक्टर पर उसके साथ प्रेम सवार था, जो भागने में कामयाब रहा। इस संबंध में बौंदकलां थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बडसी से ही चोरी किया था ट्रैक्टर
पुलिस ने जांच की तो ट्रैक्टर की नंबर प्लेट भी नहीं मिली। आरोपी ने बताया कि ट्रैक्टर उन्होंने पांच दिन पहले गांव बडसी से चोरी किया था। अब इसको वे यूपी में बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक चाकू व पंक्चर लगाने जैसा नुकीला औजार मिला।