एक्स-रे कक्ष के अंदर स्ट्रेचर पर लेट हादसे में घायल शिवशंकर।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी/बाढड़ा। नीलगाय को बचाने के प्रयास में बिलावल मोड़ के समीप सोमवार देर शाम एक स्कॉर्पियो असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौत हो गई, जबकि उसका ममेरा भाई घायल हो गया। मृतक की पहचान भिवानी निवासी भाल सिंह (33) के रूप में हुई। बाढड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह दादरी सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया।
जानकारी के अनुसार भाल सिंह अटेला क्रशर जोन में बतौर चालक काम करता था। सोमवार शाम वो अपने मामा के पास बिलावल गया था। देर रात करीब दस बजे वो ममेरे भाई शिवशंकर को साथ लेकर स्कॉर्पियो में सवार होकर भिवानी जाने के लिए निकला था। कुछ देर बाद जब वो बिलावल मोड़ के समीप पहुंचे तो सड़क पर अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में भाल सिंह संतुलन खो बैठा और स्कॉर्पियो पलट गई।
इस हादसे में भाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवशंकर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और हादसे की जानकारी अटेला कलां चौकी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और देर रात ही सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बिलावल के समीप सोमवार देर रात हुए हादसे में भाल सिंह की मौत हुई है। हादसा नीलगाय को बचाने के प्रयास में हुआ और इस संबंध में पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
- मनजीत सिचाव, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, अटेला चौकी