सिविल अस्पताल में कार्रवाई करती पुलिस ।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी-रोहतक मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह गांव मिसरी के समीप डंपर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घायल को सामान्य अस्पताल चरखी दादरी में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
गांव सौंप निवासी रमेश कुमार ने बताया कि उसकी गांव सौंप में परचून की दुकान है। मंगलवार सुबह छह बजे विक्रम और रमेश कुमार दुकान का माल लेने के लिए चरखी दादरी शहर जा रहे थे। घायल रमेश कुमार ने बताया कि बाइक को विक्रम चला रहा था। गांव मिसरी स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचने पर एक डंपर ने उनकी बाइक टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक डंपर के अगले टायर के नीचे जा घुसी। विक्रम डंपर के टायर के नीचे फंस गया और वह टायर के नीचे कुचला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी, 10 साल की लड़की भूमिका और एक आठ वर्षीय पुत्र है। राहगीरों ने रमेश को घायल अवस्था में चरखी दादरी सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं डंपर चालक डंपर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर डंपर चालक के खिलाफ के दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।