सिविल अस्पताल में बयान दर्ज कर कागजी कार्रवाई पूरी करती सदर थाना पुलिस।
- फोटो : CharkhiDadri
महेंद्रगढ़ चौक के समीप स्थित ऑटो मार्केट में बुधवार शाम डंपर का हाइड्रोलिक जैक हटने से टीपर ट्रॉली काम कर रहे मिस्त्री पर गिर गई। दुर्घटना में हिसार निवासी मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार हिसार निवासी कृष्ण बुधवार शाम ऑटो मार्केट स्थित दुकान पर एक डंपर को ठीक कर रहा था। उसने टीपर ट्रॉली (डंपर का पिछला हिस्सा) हाइड्रोलिक जैक से उठा रखा था। इसी दौरान अचानक प्रेशर खत्म होने से जैक हट गया और टीपर ट्रॉली काम कर रहे मिस्त्री कृष्ण पर गिर गई। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, मृतक की पत्नी और अन्य परिजन भी सिविल अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर इत्तफाकिया हादसे की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
चार साल से अपने जीजा के साथ काम कर रहा था कृष्ण
मृतक कृष्ण(40) हिसार का रहने वाला था। वह दादरी में अपने जीजा विनोद की दुकान पर काम कर रहा था। वह चार साल से दादरी में रह रहा था। मृतक के दो बच्चे हैं। मृतक की पत्नी और दोनों बच्चे हिसार रहते हैं।
जांच अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पत्नी के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। टीपर ट्रॉली के नीचे आने से कृष्ण की मौत हो गई।