चरखी दादरी। इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने दादरी की सरस्वती वाटिका में आयोजित सभा में पहुंचकर लोगों को 25 सितंबर के सम्मान दिवस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि 25 को इनेलो की एकता देख विपक्षी दलों की जुबान पर ताला लग जाएगा।
चौटाला ने कहा कि इनेलो ने हमेशा आमजन की आवाज उठाई है। दिवंगत उप प्रधानमंत्री देवीलाल हमें जो रास्ता दिखाकर गए हैं, उस पर चलने के लिए हर कष्ट उठाने को तैयार हैं।उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे कितनी भी गलत बातें फैला लें, लेकिन सच्चाई यही है कि वो हमेशा इनेलो के कार्यकर्ताओं की एकजुटता से पार नहीं पा सकता है। यही एकता हमें आगामी 25 सितंबर को दिखानी है। रोहतक में चौधरी देवीलाल की 112वीं जयंती पर अनाज मंडी में लाखों की संख्या में जब इनेलो के साथी जुड़ेंगे तो विपक्षियों की जुबान पर ताला अपने आप लग जाएगा। उन्होंने कहा कि आज मैं आपके सामने उसी देवीलाल के सिपाही के रूप में खड़ा हूं।
प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि अभय सिंह हमेशा हरियाणा की जनता के लिए चट्टान की तरह खड़ा रहा है और हमेशा रहेगा।
इस मौके पर प्रदेश महासचिव आनंद सिंह, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला, हलका अध्यक्ष दादरी जयभगवान, महिला जिलाध्यक्ष इंदूबाला आदि मौजूद रहे।