नागरिक अस्पताल में शवगृह के बाहर खड़े मृतक के परिजन। संवाद
फोटो 21
मृतक राधेश्याम। स्रोत : परिजन
- शहर के कॉलेज रोड स्थित पीएनबी के पास शुक्रवार शाम हुआ हादसा, वार्ड-19 निवासी राधेश्याम थेरेपी कराकर लौट रहे थे घर
- पुलिस ने नागरिक अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम, कार चालक पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के कॉलेज रोड स्थित पीएनबी के पास शुक्रवार शाम एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे राधेश्याम (77) की मौत हो गई।
शनिवार सुबह शहर थाना पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया। उनके बेटे के बयान पर पुलिस ने कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक राधेश्याम के बेटे विनोद ने बताया कि उसके पिता नेवी व बैंक से रिटायर थे। अब घर पर ही रहते थे। पिछले कुछ दिनों से घुटनों में दर्द रहने के कारण वह एमएलआर आयुर्वेदिक कॉलेज में थेरेपी के लिए जाते थे।
शुक्रवार शाम को वह बाइक पर सवार होकर थेरेपी कराने गए थे। वहां से लौटते समय वह पीएनबी शाखा के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए कार चालक दादरी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे की सूचना पाकर पुलिस व मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
शनिवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। राधेश्याम की तीने संतानें हैं। इनमें दो बेटे व एक बेटी हैं। तीनों शादीशुदा हैं।