पत्रकारवार्ता के दौरान बाढ़डा विधायक नैना चौटाला।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। बाढड़ा से जजपा विधायक नैना चौटाला ने कहा कि बुढ़ापा पेंशन में सरकार कोई कटौती नहीं करेगी। विपक्ष इसे लेकर झूठी अफवाहें फैला रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में चिकित्सकों की कमी 15 जनवरी तक दूर हो जाएगी और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज स्वयं इसकी पुष्टि कर चुके हैं। नैना चौटाला ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में नाम लिए बिना विपक्षी दलों पर निशाना साधा और दो साल के अंदर बाढड़ा हलके में करवाए गए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया।
नैना चौटाला ने कहा कि भ्रष्टाचार पर हल्ला मचाने वाले विपक्षी दल सदन में चुप्पी साधकर सरकार की कार्यप्रणाली की सराहना करते हैं, जबकि जनता के बीच जाते ही दुष्प्रचार शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि दो साल का समय तो कोरोना में बीत गया लेकिन आने वाले तीन साल में सरकार प्रदेश का चहुंमुखी विकास करवाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस के 20 विधायकों ने सरकारी की कार्यप्रणाली को सही बताया था और इसकी चर्चा सदन में जोरों पर रही थी।
डाडम हादसे के बाद अवैध खनन पर होगी कार्रवाई
नैना चौटाला ने भिवानी के डाडम में हुए हादसे पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार अब हर जगह अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है और सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। उन्होंने कहा कि जिले में भी प्रशासन जल्द क्रशर जोन की जांच करेगा।
129 करोड़ 15 लाख के गिनवाए ये विकास कार्य
नैना चौटाला ने कहा कि उन्होंने विधायक रहते हुए दो साल में बाढड़ा में 129 करोड़ 15 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए हैं। उनके कार्यकाल में बाढड़ा को पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिला है। इसके अलावा दादरी में लघु सचिवालय निर्माण के लिए 74 करोड़ की ग्रांट जारी करवाई है। उन्होंने कादमा में बस स्टैंड व कॉलेज को मंजूरी दिलवाने के साथ झोझूकलां में बस स्टैंड का निर्माण करवाया है। बाढड़ा कॉलेज में पीजी की कक्षाएं भी इसी सत्र से शुरू करवाई गई हैं। 15 गांवों में चौपाल और आंबेडकर भवन का निर्माण उन्होंने करवाया है।