लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में शिकायतें सुनतीं नगराधीश प्रीति रावत। स्रोत: जनसंपर्क वि
चरखी दादरी। अधिकारी समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटारा करें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में एक ही छत के नीचे सभी विभागों से संबंधित शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। नगराधीश प्रीति रावत ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में लोगों की जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन का प्रमुख कार्य है। उन्होंने समस्याओं को सुनते हुए निर्देश दिए कि संबंधित विभाग के अधिकारी समाधान शिविर में प्राप्त हो रही हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें। समाधान शिविरों में प्राप्त हो रही शिकायतों के निपटारे की सरकार की ओर से निरंतर निगरानी की जा रही है। सप्ताह के हर शुक्रवार को इन शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की जाती है।
नगराधीश ने लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के मौके पर उपस्थित अधिकारियों को इन शिकायतों का तुरंत निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।