चरखी दादरी। शिक्षा विभाग एवं प्रशासन की लचर व्यवस्थाओं के चलते शहीद दलबीर सिंह मॉडल संस्कृति स्कूल के 700 विद्यार्थी विद्यालय खुलने के बावजूद भी पिछले 12 दिनों से नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लगा पा रहे हैं। वहीं, पानी निकासी के प्रयासों के बजाय जिला उपायुक्त की ओर से विद्यालय को पत्र जारी करके 16 जुलाई तक अवकाश बढ़ाने संबंधी निर्देश दिया गया है।
परिसर में जलभराव के चलते 10 दिन में दूसरी बार अवकाश की घोषणा की गई है। वहीं, जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूल के 14 कमरों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में पिछले 10 दिनों से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। बुधवार को भी जलभराव के कारण महज 100 ही बच्चे ही कक्षाएं ले पाए।
वीरवार को विद्यालय प्रबंधन व शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों की हुई बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रबंधन को कन्या विद्यालय में दो शिफ्ट में कक्षाएं लगाने का सुझाव दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यालय में ही कक्षाएं लगाने की मांग रखी गई। प्रबंधन की ओर से विद्यालय के भवन के 14 कमरों में चल रहे विभाग के कार्यालयों में प्राथमिक विद्यालय भवन में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया जिसे जिला शिक्षा अधिकारी ने नकार दिया।
कन्या विद्यालय में कक्षाएं लगाने में आने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन की ओर से वहां कक्षाएं लगाने से मना कर दिया। वहीं, कुछ अध्यापकों द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी से तीन कमरे खाली कराने का सुझाव देते हुए कक्षा की तीन कमरे खाली होने के बाद दो शिफ्टों में कक्षाएं लगाई जा सकती हैं। लेकिन जिला शिक्षा विभाग कमरों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। बता दें कि जिला शिक्षा विभाग को विद्यालय प्रबंधन की ओर से कुछ समय के लिए ही वैकल्पिक रूप से 14 कमरे उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन जिला शिक्षा विभाग की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था तक नहीं की गई।
- पानी निकासी के लिए लिखे जा चुके 20 पत्र
विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से 20 बार प्रशासन व जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखे जा चुके हैं। मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से पानी निकासी के लिए दो मोटरें लगाई गई, लेकिन ये महज छह से सात घंटे ही चल पाईं, जिससे ज्यादा मात्रा में पानी की निकासी नहीं हो पाई। वर्तमान हालात यह है कि विद्यालय के मुख्य गेट तक पानी पहुंच चुका है। प्राथमिक भवन के पीछे जलभराव एवं नमी होने के कारण लगातार मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। वहीं, भवन में रखा रिकाॅर्ड भी नमी के चलते खराब होने का अंदेशा है।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को बैठक का आयोजन किया था। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने कन्या विद्यालय में दो शिफ्टों में कक्षाएं लगाने का सुझाव दिया था। लेकिन वहां कक्षाएं लगाना संभव नहीं है। 17 से नियमित रूप से दो शिफ्टों में विद्यालय परिसर में ही कक्षाएं लगाई जाएंगी। प्रबंधन की ओर से जिला प्रशासन व विभागों से पानी निकासी की मांग को लेकर बार-बार अवगत कराया जा चुका है।
-सुरेश यादव, प्राचार्य, शहीद मॉडल संस्कृति स्कूल, चरखी दादरी।