फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: अनाजमंडी में अब सुबह 5 बजे से कटेंगे टोकन, काउंटर भी किए 5

Sat, 06 Apr 2024 02:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
चरखी दादरी की नई अनाजमंडी में फसल बेचने आए किसान से उसकी परेशानियों के बारे में पूछतीं डीसी मनद
विज्ञापन
चरखी दादरी। फसल बिक्री के दौरान अगर किसानों को परेशानी आती है तो संबंधित अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उपायुक्त मनदीप कौर शुक्रवार को नई अनाज मंडी में निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने किसानों को फसल बेचने में देरी न हो, इसके लिए तुरंत टोकन काउंटरों की संख्या 4 से 5 करने और टोकन काटने का समय सुबह 5 बजे से शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके अलावा फसल खरीदारों की संख्या भी अब 6 होगी।
विज्ञापन

बता दें कि शुक्रवार दोपहर को उपायुक्त मनदीप कौर नई अनाज मंडी में पहुंच गईं। उससे पहले उन्होंने सड़क पर फसल लेकर ट्रैक्टरों के साथ लाइन में खडे़ किसानों से बातचीत कर उनसे फसल बिक्री के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। किसानों ने बताया कि टोकन कटने में समय लगता है, इस कारण पूरा दिन खराब हो जाता है। अगर टोकन व्यवस्था में सुधार कर दिया जाए तो किसानों को काफी राहत मिलेगी।
इस पर उपायुक्त ने मौके पर ही मंडी सचिव को सख्त निर्देश जारी करते हुए तुरंत टोकन काउंटर की संख्या बढ़वाई। उन्होंने अधिकारियों को टोकन कटवाने का समय भी सुबह 5 बजे से करने को कहा। इससे पहले टोकन सुबह 7 बजे से कटने शुरू होते थे और दोनों गेट पर केवल एक-एक ही काउंटर था।
विज्ञापन

उन्होंने खरीद एजेंसी के अधिकारी को निर्देश दिए कि फसल की आवक के अनुसार खरीद हो और अभी तक आवक व खरीद में जो अंतर है उसको सोमवार तक पूरा करें। उपायुक्त ने मौके पर ही खरीद एजेंसी के चार काउंटर भी बढ़वा दिए। उन्होंने कहा कि फसल बिक्री के दौरान किसान को होने वाली समस्या सभी की समस्या है। ऐसे में सुनिश्चित करें कि किसानों को कोई भी परेशानी ना आए। अगर किसान को परेशानी आती है तो संबंधित अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

मंडी एसोसिएशन के साथ बातचीत के दौरान उपायुक्त ने अनुरोध किया कि मंडी में आने वाले किसानों के लिए मानवता के तौर पर जलपान की व्यवस्था करवाएं। उन्होंने मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों की समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान के निर्देश दिए।


डीसी के आते ही रखवाए पानी के कैंपर

उपायुक्त जब मंडी में निरीक्षण करने पहुंची तो वहां उन्होंने किसानों के लिए दी जा रहीं सुविधाओं के बारे में पूछा। इसके बाद हरकत में आए अधिकारियों ने पेयजल की सुविधा के नाम पर मंडी में पानी के कैंपर रखवा दिए।

टोकन काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए, इधर एक काउंटर की मशीन हुई खराब

निरीक्षण के दौरान बातचीत में किसानों ने डीसी से टोकन कटने में लगने वाला समय ज्यादा बताया तो उन्होंने टोकन काटने का समय बढ़वाने के साथ एक और काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए। लेकिन कुछ समय के बाद एक टोकन काउंटर पर तकनीकी दिक्कत आ गई और वहां पर टोकन कटना बंद हो गया।

बादल छाए तो चिंतित दिखे किसान

दोपहर बाद आसमान में एकाएक बादल छाने से मंडी में फसल लेकर आए किसान चिंतित दिखाई दिए। एक पहले से ही सरसों में नमी के कारण बेचने में परेशानी आ रही है। अगर बारिश हो जाती है तो मंडी में लाई गई सरसों खराब हो सकती है।

शुक्रवार को 21600 क्विंटल सरसों का उठान
शुक्रवार को चरखी दादरी अनाज मंडी में 2560 गेट पास काटे गए। इसके अलावा 48600 क्विंटल सरसों की आवक हुई। जिसमें 25000 क्विंटल की खरीद हुई। इसके अलावा 21600 क्विंटल सरसों का उठान कार्य हुआ।


उपायुक्त मनदीप कौर शुक्रवार को निरीक्षण करने के लिए आईं थी। जिस तरीके से उन्होंने व्यवस्था बनाई है, उसके बाद मंडी में टोकन कटने के लिए एक काउंटर और बढ़ा दिया है और फसल खरीदने के लिए कम से कम 6 खरीदकर्ता नियुक्त कर दिए गए हैं।
-रामकुमार रिटौलिया, अनाजमंडी प्रधान, चरखी दादरी।


मंडी में करीब 2 लाख क्विंटल तक सरसों की आवक हो चुकी है। मंडी में फसल खरीदने का काम अच्छे से चल रहा है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
विज्ञापन

-मनदीप कौर, उपायुक्त, चरखी दादरी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें