बाढड़ा अनाज मंडी में आढ़तियों से बातचीत करते एसडीएम सुरेश कुमार दलाल।
बाढड़ा। एसडीएम सुरेश कुमार ने शुक्रवार को मंडी का दौरा किया और आढ़तियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंडी की स्थिति को देखते हुए कहा कि दो दिन के लिए सरसों की खरीद बंद की जाए ताकि समय पर उठान हो सके।
वहीं, अनाज मंडी में सरसों खरीद के चौथे दिन तक 3426 गेट पास जारी हुए हैं। करीब 80 हजार से अधिक क्विंटल सरसों की आवक हुई है। आढ़तियों ने जिला प्रशासन से उठान कार्य में तेजी लाने की मांग की है।
मौसम में हो रहे बदलाव से चिंतित किसान अब किसी तरह के जोखिम लेने के बजाए खेत से सीधे ही मंडी में सरसों लेकर पहुंच रहे हैं। अब तक 35 हजार क्विंटल सरसों खरीद की गई है। आठ हजार क्विंटल सरसों का उठान हुआ है। मंडी में शेड के नीचे व खुले में सरसों रखी है।
आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष हनुमान शर्मा व मंजीत नांधा ने बताया कि एसडीएम सुरेश कुमार ने उठान कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए हैं। मंडी में सरसों की आवक ज्यादा होने के कारण दो दिनों के लिए खरीद बंद कर दी गई है।