चरखी दादरी। अब किसी भी टूर्नामेंट में भाग लेने पर खिलाड़ी को 400 रुपये प्रतिदिन डाइट भत्ता मिलेगा। पहले यह राशि 150 रुपये निर्धारित थी। डाइट भत्ता राशि में बढ़ोतरी होने का लाभ जिले के दो हजार खिलाड़ियों को मिलेगा। जिला खेल अधिकारी प्रीतम सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को और बेहतर खुराक मिल सकेगी।
जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी हैं। खिलाड़ियों के लिए जिले में छह राजीव गांधी खेल स्टेडियम और 12 सामान्य स्टेडियम हैं। इन स्टेडियम में खिलाड़ी सुबह-शाम अभ्यास करते हैं। चरखी दादरी छोटा जिला जरूर है लेकिन खेल प्रतिभाएं विदेशों से पदक जीतकर ला रही हैं। इसके अलावा ये खिलाड़ी समय- समय दूसरे जिलों व राज्यों में आयोजित टूर्नामेंट में भाग लेने जाते हैं। अब तक इन खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में भाग लेने पर डेढ़ सौ रुपये दैनिक डाइट भत्ता मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया गया है।
डाइट का किसी भी खिलाड़ी के खेल कौशल पर काफी असर पड़ता है। अच्छी डाइट लेने में खिलाड़ियों को पहले अपनी जेब से रुपये देने पड़ते थे और इस पर संज्ञान लेते हुए खेल विभाग ने टूर्नामेंट दैनिक डाइट भत्ता राशि 250 रुपये बढ़ा दी है।
खेल नर्सरियों में ये मिलती है डाइट मनी
खेल नर्सरियों में नौ से 14 साल तक के खिलाड़ी को 1500 और 15 से 19 साल तक के खिलाड़ी को दो हजार रुपये प्रति माह डाइट भत्ता सरकार की ओर से मिलता है। जिले में कुश्ती, कबड्डी, एथलेटिक्स व वॉलीबाल के खिलाड़ी ज्यादा है जबकि फुटबाल व हॉकी के प्रति अभी रुचि कम है।
सरकार ने टूर्नामेंट के लिए प्रति खिलाड़ी 400 रुपये खुराक भत्ता कर दिया है। इससे खिलाड़ियों के लिए खुराक में कमी नहीं आएगी। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे मन लगाकर खेल अभ्यास करें और अपने माता-पिता व जिला का नाम रोशन करें।
प्रीतम सिंह, जिला खेल अधिकारी, चरखी दादरी।