जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं और अप्रैल में तो अब तक 50 से अधिक केस सामने आ चुके हैं। संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अब गांव-गांव जाकर आउटरीच सेशन लगाने की योजना तैयार की है। इसके मुताबिक एक दिन में 70 सेशन और सब सेशन लगाए जाएंगे, जिनमें से 50 आउटरीच सब सेशन होंगे। इसके लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सोमवार से आउटरीच सेशन शुरू हो जाएंगे।
जिले में सात मार्च से वैक्सीनेशन कार्य चल रहा है। एक दिन में अधिकतम 18 सेशन ही लगाए जाते हैं। अब स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण की गति को बढ़ाने के लिए आउटरीच सेशन लगाने की योजना तैयार की है। इसके तहत अब वैक्सीनेशन प्वाइंटों की तादाद 18 से बढ़कर 70 तक पहुंच जाएगी। वैक्सीनेशन प्वाइंटों की संख्या बढ़ने से टीकाकरण की गति भी करीब पांच गुना तक बढ़ने का अनुमान है। फिलहाल एक दिन में दो से ढाई हजार लोग कवर किए जा रहे हैं और आउटरीच सेशन लगाकर इस आंकड़े को एक दिन में आठ से दस हजार तक करने की तैयारी है। इसके लिए विभाग ने कोविशील्ड और को-वैक्सीन का स्टॉक भी मंगवा लिया है।
नहीं आना पड़ेगा अस्पताल, गांवों में होगा टीकाकरण
आउटरीच सेशन के लिए 50 टीमें गठित की गई हैं तो अपने सीएचसी या पीएचसी के अधीन आने वाले गांवों में जाकर वैक्सीनेशन कार्य करेंगी। आउटरीच सेशन का ग्रामीणों को भी लाभ मिलेगा और वैक्सीन लगवाने के लिए उन्हें दादरी सिविल अस्पताल या फिर सीएचसी-पीएचसी में नहीं आना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों में पहुंचकर टीकाकरण करेंगी।
स्टॉक में पहुंचीं 18 हजार वैक्सीन
सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और इसके तहत कोविशील्ड और को-वैक्सीन का स्टॉक भी स्वास्थ्य विभाग ने मंगवा लिया है। हाल ही में 15 हजार कोवि शील्ड और तीन हजार को वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंची हैं। अब तक जिले में 49 हजार लोगों को टीकाकरण किया जा चुका है।
संक्रमण दर से 70 फीसदी कम है डेढ़ माह की रिकवरी रेट
मार्च से लेकर 10 अप्रैल 2021 तक की संक्रमण दर के मुकाबले रिकवरी रेट 70 फीसदी कम है। इस समयावधि में जिले में 92 लोग संक्रमिम मिले हैं, जबकि केवल 28 स्वस्थ हुए हैं। अहम बात यह है कि सितंबर अक्तूबर में भी कोरोना पीक पर था, लेकिन उस समय रिकवरी रेट 45 प्रतिशत था, जो अब 30 प्रतिशत ही है।
विभाग की ओर से आउटरीच सेशन भी लगाए जाएंगे और इसके बाद ग्रामीणों को वैक्सीन लगवाने के लिए सिविल अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हमारी टीमें गांव गांव जाकर वैक्सीन लगाएगी। अगले तीन दिन हम टीकाकरण दिवस मनाएंगे और इसके तहत वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाई जाएगी।
डॉ. आशीष मान, जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज एवं डिप्टी सीएमओ