संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक विजेता नूपुर श्योराण का रविवार को बाढड़ा के क्रांतिकारी चौक पर सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन नीलम ने की।
इस अवसर पर विधायक उमेद पातुवास ने कहा कि नूपुर ने न केवल उमरवास गांव का बल्कि पूरे हरियाणा और भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यदि गांव की बेटियों को सही अवसर मिले, तो वे भी हर क्षेत्र में देश का नाम ऊंचा कर सकती हैं।
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रण सिंह मान ने कहा कि नूपुर जैसी बेटियां आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास का प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि नूपुर के दादा भी एशियाड के स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं और उन्हें गुरु द्रोणाचार्य पुरस्कार से भी नवाजा गया है। आने वाले समय में नूपुर स्वर्ण पदक जीतकर देश की शान और भी बढ़ाएंगी।