संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यकारी डीईओ विरेंद्र नारा ने शिक्षकों, प्राचार्यों व स्कूल बीईओ के साथ बैठक की। इसमें सभी को प्रवेश उत्सव के दौरान नामांकन प्रक्रिया में प्रगति लाने और विद्यार्थियों के दाखिले कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस सत्र में शिक्षा विभाग का प्रमुख उद्देश्य जिले में अधिकतम बच्चों का राजकीय विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना है। प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को बालवाटिका-3 के लिए न्यूनतम 20 छात्रों के नामांकन का लक्ष्य दिया गया। इसके अलावा कक्षा छठी, नौवीं और 11वीं के लिए विशेष नामांकन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीईओ ने बताया कि इन वर्गों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए विशेष रणनीति तैयार करें और अभिभावकों से संपर्क साधने और समुदाय को अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करें। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों के अनुकूल वातावरण बनाने का आह्वान किया। जिले के तीनों खंड शिक्षा अधिकारियों ने अपने खंड में चल रही नामांकन प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही अन्य गतिविधियों पर चर्चा की।
बच्चों के आकर्षण के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान : शिक्षा विभाग की की ओर से बच्चों को बालवाटिका से लेकर उच्च कक्षाओं तक स्कूल में दाखिले के लिए आकर्षित करने के लिए जन सहयोग से जुड़ा विशेष अभियान चलाएगा। इसमें विभाग रैलियां, जागरूकता कार्यक्रम, नाटक, दीवार लेखन और घर-घर संपर्क करने जैसी गतिविधियां करेगा।