संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। हरियाणा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन की ओर से 11 से 13 अप्रैल 2025 तक जनता कॉलेज स्टेडियम में एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से 18वीं राष्ट्रीय सीनियर सर्कल स्टाइल पुरुष व महिला कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार शाम 4 बजे हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री व एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंद्र बैनीवाल करेंगे।
विशिष्ट अतिथि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, दादरी विधायक सुनील सांगवान व बाढड़ा के विधायक उमेद पातुवास उपस्थित रहेंगे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैच शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक चलेंगे। इसमें कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा व राज्यसभा सांसद सुभाष बराला शिरकत करेंगे।
समापन समारोह शनिवार को शाम 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक होगा। इसमें इंटरनेशनल कबड्डी महासंघ निदेशक व राजस्थान ओलंपिक और कबड्डी संघ के अध्यक्ष तेजस्वी गहलोत व एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया अध्यक्ष विभोर विनीत जैन शिरकत करेंगे।