फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: राह बची न चाल... एंबुलेंस पर भी जाम का जाल, सरदार झाड़ू सिंह चौक व रेलवे रोड पर अतिक्रमण से सिकुड़ी सड़क

Tue, 14 Apr 2026 12:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी शहर में जाम में फंसी एंबुलेंस को निकलवाने के लिए वाहनों को हटवाता पुलिसकर्मी। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर के सरदार झाड़ू सिंह चौक व रेलवे रोड पर दुकानदारों द्वारा किए अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थिति यह है कि हर 20 मिनट के अंतराल पर लगने वाले जाम से आम राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन

सबसे गंभीर बात यह है कि इस जाम का असर अब आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। मातृ-शिशु अस्पताल तक जाने वाली एंबुलेंस अक्सर ट्रैफिक में फंस जाती है जिससे गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं तक समय पर उपचार पहुंचने में देरी हो रही है जो जानलेवा साबित हो सकता है। दोपहर के समय स्कूल बसें भी रेंगकर चलती नजर आती हैं। लंबे समय से बाजार की मुख्य सड़कों पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर तक सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा है। खरीदारी के लिए आने वाले लोग नियमों की अनदेखी करते हुए अपने वाहन सड़क के बीचोंबीच खड़े कर देते हैं।
पुरानी अनाज मंडी से रेलवे स्टेशन और भगवान परशुराम चौक से सरदार झाड़ू सिंह चौक की ओर जाने वाले मार्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं जहां लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि पुलिस द्वारा अवैध पार्किंग पर ई-चालान की कार्रवाई की जाती है लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक बार-बार सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं।
विज्ञापन

मातृ-शिशु अस्पताल, जहां डिलीवरी सेंटर, एनआईसीयू और डायलिसिस जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मौजूद हैं वहां एंबुलेंस के बार-बार जाम में फंसने से मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि शहर में यातायात सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके।


रेलवे रोड पर कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है जिसके कारण सड़क सिकुड़ कर आधी रह गई है। सड़क से पुरानी अनाज मंडी में भारी वाहनों का आवागमन होने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। लंबे समय तक जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। - सुनील कुमार, दुकानदार
-
बाजार में पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण लोग अपने वाहनों को दुकानों के सामने पार्क कर खरीदारी करने चले जाते हैं जिससे वाहनों का आवागमन बाधित होता रहता है। मार्केट में खरीदारी करने आए लोगों को सड़क पार करने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ती है। दुकानों में ग्राहक नहीं पहुंचने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। - राजबाबू, दुकानदार
-
सुबह साढ़े 10 बजे के बाद ही सरदार झाड़ू सिंह चौक की ओर जाने वाली सड़क पर जाम लगना शुरू हो जाता है। सड़क के बीच रोडवेज बसों के अलावा परिवहन समिति की बसे भी इसी सड़क से गुजरती है। सड़क ऊबड़-खाबड़ होने के कारण वाहन रेंग-रेंग कर गुजरते हैं। - संजय बंजारा, दुकानदार
-

सड़क पर तैनात पुलिस कर्मचारी जाम खुलवाने का हर संभव प्रयास करते हैं लेकिन जाम का कारण बनने वाली बसों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। सड़क पर जाम की स्थिति होने के कारण दुकानों में ग्राहकों ने आना बंद कर दिया है जिससे दुकानों का किराया देना भी मुश्किल बना हुआ है। - सतपाल सिंह, दुकानदार




हमने यहां से गुजरने वाली बसों के चालान भी किए हैं। वहीं व्यस्त रोड से गुजरने वाली बसों को बंद करवाने के लिए रोडवेज महाप्रबंधक को दो बार लिखित में भी दिया गया है। अब ऐसे वाहन चालकों पर और भी सख्ती बरती जाएगी। - रमेश कुमार, इंचार्ज, यातायात थाना।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें