त्योहारी सीजन में नहीं होगी बिजली की कटौती, निगम ने शुरू की पुख्ता तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। त्योहारी सीजन के दौरान बिजली की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए बिजली निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत, जंपर बदलने, तेल की जांच व बदलने और जरूरत के अनुसार नए केबल लगाने का कार्य निगमकर्मियों की ओर से किया जाएगा।
शहर में इस समय 20 हजार उपभोक्ता हैं, जिन्हें 1300 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 860 लाल रंग के मिनी ट्रांसफॉर्मर के माध्यम से आपूर्ति दी जा रही है। जिलेभर में करीब 90 फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है, जबकि जिले की कुल मासिक खपत 8 करोड़ 60 लाख यूनिट के करीब पहुंच चुकी है।
वर्तमान में जिले में 1.70 लाख उपभोक्ता बिजली सेवाओं से जुड़े हैं। त्योहारी सीजन में यह खपत औसतन 15 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। निगम के अनुसार, शहर में दो मुख्य पावर सब स्टेशन चरखी दादरी पावर स्टेशन और रेलवे रोड पावर स्टेशन के जरिये करीब 85 प्रतिशत क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति होती है। इनमें से अकेले रेलवे रोड स्टेशन से 45 प्रतिशत क्षेत्र कवर होता है। कुछ क्षेत्रों में पास के गांव घसोला स्थित पावर स्टेशन से भी बिजली दी जाती है।
उपभोक्ताओं को मिले निर्बाध बिजली, उसी की कर रहे तैयारी
शहर में कुल 12 फीडर हैं। इनकी बारी-बारी से मरम्मत की जाएगी। ताकि, फॉल्ट की आशंकाएं कम हों और उपभोक्ताओं को बिना बाधा बिजली मिल सके। वर्तमान में शहर की दैनिक बिजली खपत लगभग पौने तीन लाख यूनिट है। निगम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारी सीजन के साथ-साथ आने वाले सर्दियों में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहे। सर्दियों में सुबह-शाम लोड बढ़ने के कारण पानी की आपूर्ति पर भी असर पड़ता है। इसे देखते हुए यह मरम्मत कार्य समय रहते किया जा रहा है।
वर्जन
त्योहारी सीजन में बिजली की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। अभी से निगम सतर्क हो गया है। सभी फीडर को दुरुस्त करवा दिया जाएगा। ट्रांसफार्मर की जांच होगी।
-गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम।
फोटो 02- पावर सब स्टेशन, चरखी दादरी। संवाद