चरखी दादरी। जिले में आरटीए के अलावा छह विशेष टीमों को भी ओवरलोड वाहनों के चालान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन इन टीमों ने अब तक किसी ओवरलोड वाहन का चालान नहीं किया है। अहम बात यह है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर जिला उपायुक्त मुनीश शर्मा ने ये विशेष टीमें बनाई थीं, लेकिन अब तक इनका कोई सहयोग आरटीए टीमों को नहीं मिला है।
बता दें कि करीब एक माह पहले दादरी विधायक सुनील सांगवान व बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के समक्ष ओवरलोडिंग की समस्या रखी थी। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने दादरी उपायुक्त को कॉल कर विशेष टीमें बनाकर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कराने के आदेश दिए थे।
इसके तुरंत बाद उपायुक्त की ओर से 6 टीमों का गठन किया गया था जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया था। इनकी जिम्मेदारी नाकाबंदी कर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने की थी और बाकायदा पुलिस बल भी इन्हें मुहैया कराया गया था। बावजूद इसके विशेष टीमें ओवरलोड वाहनों के चालान नहीं कर रही हैं।
इन क्षेत्रों में लगाए गए थे नाके
जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के चालान करने के लिए अटेलाकलां, झोझूकलां, आदमपुर, चरखी बाईपास, मानकावास-डोहकी व पांडवान टी-प्वाइंट पर नाके लगाने के आदेश दिए थे, ताकि यहां से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों के चालान कर सके।