चरखी दादरी। दिल्ली बाईपास के पास स्थित एक होटल में घुसकर संचालक के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। मामले में पुलिस अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार के अनुसार 30 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:30 बजे दिल्ली बाईपास से लगभग 100 मीटर दूर रावलधी की तरफ स्थित होटल में मारपीट और तोड़फोड़ की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। होटल संचालक पुनीत कुमार निवासी छोटी बजारी, चरखी दादरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त सोनू निवासी भागवी के साथ होटल में मौजूद था। इसी दौरान अमन उर्फ अन्नु निवासी हीरा चौक का उसके पास फोन आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, करीब 15-20 मिनट बाद प्रवीन कादयान निवासी प्रेमनगर, विक्की बंजारा निवासी चरखी दरवाजा, मोहित मिश्रा निवासी मथुरी घाटी सहित पांच-छह अन्य युवक हाथों में डंडे लेकर होटल में घुस आए। आरोपियों ने पुनीत कुमार के साथ डंडों से मारपीट की और होटल में डंडों व पत्थरों से तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सोमवार को थाना सदर में तैनात एएसआई अवनीत की टीम ने नौवें आरोपी संदीप उर्फ फौजी उर्फ बादल निवासी वार्ड नंबर 14, रविदास नगर, दादरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा बरामद किया।
पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के मार्गदर्शन में की गई।