चरखी दादरी। भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों और उपायुक्त मुनीश शर्मा के मार्गदर्शन में स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में नवनियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र ने सभी बीएलओ को निर्वाचन आयोग के नियमों और दिशा-निर्देशों की बारीकी से जानकारी दी।
प्रशिक्षण सत्र में चुनाव नायब तहसीलदार विनोद कुमार ने बीएलओ एप और वोटर हेल्पलाइन के प्रत्येक पहलू से बीएलओ को अवगत कराया, ताकि वे वोटर बनाने और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को आसानी से और प्रभावी ढंग से पूरा कर सकें। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत देशभर में नेशनल लेवल पर बीएलओ की ट्रेनिंग शुरू की गई है। इसके तहत जिला स्तर पर बीएलओ को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी बीएलओ को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को उनके चुनावी कार्यों के साथ-साथ बीएलओ एप के उपयोग की जानकारी भी दी गई। इसमें बताया गया कि किस प्रकार एप का उपयोग करके मतदाता सूची को अपडेट किया जा सकता है, नए वोटर्स को जोड़ा जा सकता है और फील्ड से एकत्रित डेटा को समय पर अपलोड किया जा सकता है। साथ ही, एप के तकनीकी उपयोग में आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी जानकारी दी गई।