चरखी दादरी। मई माह बीतने के बाद भी दादरी नागरिक अस्पताल के लिए मुख्यालय से नई अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं भेजी गई है। पिछले करीब साढ़े 5 साल से नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा बंद है। इसके बाद से ही जिले में सरकारी अल्ट्रासाउंड सेवा निजी केंद्रों के सहारे है। 11 माह से स्वास्थ्य विभाग के पास विशेषज्ञ तो हैं, लेकिन, अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं है।
दरअसल, गर्भवती महिलाओं का एक अल्ट्रासाउंड निशुल्क होता है। जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन न होने के कारण गर्भवती महिलाओं के लिए विभाग ने निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों से समझौता किया हुआ है। गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए वहां भेजा जाता है।
विज्ञापन
निजी केंद्रों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड कराने के पहले गर्भवती को जिला अस्पताल से पर्ची बनवाकर लानी पड़ती है। अगले दिन अस्पताल में जाकर उन्हें रिपोर्ट लेनी होती है। एक दिन में छह किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करना गर्भवती महिलाओं के लिए आसान नहीं है।
अल्ट्रासाउंड सुविधा पीएचसी और सीएचसी के बजाय केवल नागरिक अस्पताल में ही होती है। साढ़े पांच साल से सिविल अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लगा है। लंबे समय तक जिले में अल्ट्रासोनोलॉजिस्ट का पद खाली रहा। गत जून में अल्ट्रासोनोलॉजिस्ट की तैनाती हुई। इसके बाद अल्ट्रासाउंड कक्ष खोलकर देखा गया तो मशीन खराब मिली। यहां अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने के लिए नई मशीन मिलने का इंतजार है।