चरखी दादरी जिले के पिचौपा खुर्द गांव में रविवार रात की गई घर के बाहर अधेड़ की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बाढड़ा उपमंडल के पिचौपा खुर्द गांव में शराब पीने से टोकने पर एक युवक ने घर के बाहर सो रहे अधेड़ की हत्या कर दी। मृतक रामफल (56) आरोपी पवन का रिश्ते में चाचा लगता है। दोनों के घर पास हैं। अटेला कलां चौकी पुलिस ने सोमवार सुबह दादरी सिविल अस्पताल में रामफल का पोस्टमार्टम करवाया और उनकी बेटी पूजा के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामफल खेती करते थे। रविवार रात वह पशुओं की रखवाली के लिए घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। उसी दौरान उनका पड़ोसी व रिश्ते में भतीजा लगने वाला पवन वहां से गुजरने लगा। उसे रामफल ने शराब छोड़ने और बाहर घूमने के बजाय घर जाकर सोने की बात कही। इससे खफा पवन ने कस्सी लाकर रामफल पर धड़ाधड़ पांच वार कर दिए। पिता के चिल्लाने की आवाज सुनकर बेटी पूजा बाहर आई तो उन्हें लहूलुहान देखकर वह बेहोश हो गई। वहीं, आरोपी मौके से फरार हो गया।
वर्सन :
रामफल की बेटी पूजा के बयान पर आरोपी पवन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
-तेजपाल सोनी, एसएचओ, बाढड़ा थाना
फोटो 03
रामफल (फाइल फोटो)। स्रोत : परिजन