चंडीगढ़ कांस्टेबल भर्ती की तिथि निकली, पर आवेदकों तक नहीं पहुंचाए लाइसेंस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के मुख्य डाक विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण 100 से अधिक युवा चंडीगढ़ पुलिस भर्ती के आवेदन करने से वंचित रह गए। आवेदन की आवेदकों द्वारा कड़ी परीक्षा के बाद बनवाए गए ड्राइविंग लाइसेंस मुख्य डाक विभाग में रखी टोकरी में धूल फांक रहे हैं। युवाओं को समय पर लाइसेंस नहीं मिलने से डाक विभाग के प्रति गहरा रोष बना हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन से डाक विभाग में पर्याप्त कर्मचारी मुहैया करवाने की मांग की है, ताकि किसी बेरोजगार युवा के भविष्य से खिलवाड़ न हो।
चंडीगढ़ पुलिस भर्ती के लिए जून माह में बेरोजगार युवाओं से 700 कांस्टेबलों की भर्ती के आवेदन मांगें गए थे। आवेदन 22 जून तक किए जा सकते थे। आवेदन के नियमों अनुसार आवेदनकर्ताओं के पास लाइट ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी बताया गया था। जिसके चलते जिले के 100 से अधिक युवाओं ने ट्रेनिंग लेकर लाइसेंस के आवेदन किया हुआ था। ताकि वो चंडीगढ़ पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के आवेदन कर सकें। लेकिन युवाओं द्वारा लाइसेंस आवेदन के 20 दिन बाद भी नहीं मिल पाया। ऐसे में पुलिस भर्ती की आस लगाए बैठे युवाओं के सपने धराशायी हो गए हैं। जब लाइसेंस के बारे में स्थानीय एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वहां से एक सप्ताह पहले सभी लाइसेंस बनाकर डाकघर में भिजवा दिए गए हैं। लेकिन जब डाक विभाग में इसकी हकीकत जानने का प्रयास किया तो वहां पाया कि सभी लाइसेंस एक टोकरी में धूल फांक रहे हैं। डाक विभाग की कार्यशैली देख कर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वो युवाओं के भविष्य के प्रति कितने सजग हैं।
युवा बोले- भर्ती के लिए कड़ी मेहनत की थी
गांव कलाली निवासी गजे सिंह, गांव रावलधी निवासी गौरव, इमलोटा निवासी हिमांशु गांव पालड़ी निवासी घनश्याम आदि ने बताया कि वो चंडीगढ़ कांस्टेबल भर्ती के लिए मेहनत कर रहे थे। वहीं उन्होंने समय रहते लाइसेंस के लिए भी आवेदन किया था, लेकिन समय पर उन्हें लाइसेंस नहीं मिलने से आवेदन नहीं कर पाए।
विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी बनी हुई है, जिसके चलते लाइसेंस नहीं भिजवा पाए। सोमवार को सभी लाइसेंस आवेदकों के घर पहुंचा दिए जाएंगे।
-मुख्य डाक अधिकारी चरखी दादरी, राजीव
मुख्य डाकघर की टोकरी में रखे लाइसेंस।