चरखी दादरी। नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) की ओर से दादरी ब्लॉक के गांव लोहरवाड़ा और बौंद ब्लॉक के गांव अचीना में महिलाओं की खंडस्तरीय दौड़ स्पर्धा आयोजित की गई। इसे वुमेन फिट तो इंडिया हिट थीम पर नारी शक्ति फिटनेस दौड़ नाम दिया गया। दादरी खंड की स्पर्धा में लोहरवाड़ा निवासी नीतू और बौंद खंड की स्पर्धा में अचीना निवासी महक जीतीं। आयोजकों से आयोजित इस दौड़ में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अचीना में आयोजित बौंद खंड की स्पर्धा में महक प्रथम, मोनिका दूसरे और खुशी तीसरे स्थान पर रही। वहीं, लोहरवाड़ा में आयोजित दादरी खंड की स्पर्धा में लोहरवाड़ा निवासी की नीतू, सुशीला, अनीता क्रमशः पहले, दूसरे, तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में लोहरवाड़ा की पंच सुशीला और अचीना में कोच सतेंद्र यादव मुख्य अतिथि रहीं। एनवाईके की स्वयंसेवक विक्की बैरागी और ज्योति ने बताया कि राष्ट्र के विकास में स्वस्थ, फिट महिलाओं की अहम भूमिका है। इसीलिए ये स्पर्धा आयोजित की गई। आयोजन में हितेश लांबा, प्रदीप, निरंजन आदि का सहयोग रहा।
बलाली और डांडमा में करवाई महिलाओं की दौड़
झोझूकलां। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) की ओर से झोझूकलां खंड के गांव बलाली और बाढड़ा खंड के गांव डांडमा में महिलाओं की दौड़ स्पर्धा आयोजित की गई। दोनों जगह 50 महिलाओं ने स्पर्धा में भाग लिया। एनवाईके के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अंकित कुमार ने कहा कि नारी सिर्फ घर की ही नहीं बल्कि देश की शान भी बन रही हैं और लगभग हर क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियां बढ़ती ही जा रहीं हैं। इस मौके पर बलाली की सरपंच रितिका, डांडमा सरपंच आनंद, पिंकी, नितिन, बिमला आदि मौजूद रहे।