हिसार में आयोजित ट्रायल में मुक्केबाज नीरज फोगाट को विजेता घोषित करते रेफरी। स्रोत : कोच
- हिसार में आयोजित ट्रायल में श्योनाथ नंबरदार बॉक्सिंग एकेडमी की मुक्केबाज छाई, अब नेशनल चैंपियनशिप में करेंगी हरियाणा का प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। श्योनाथ नंबरदार बॉक्सिंग एकेडमी की मुक्केबाज नीरज फोगाट ने अपनी प्रतिभा का फिर से परिचय दिया है। इस बार मुक्केबाज ने हिसार में हरियाणा बॉक्सिंग संघ की ओर से आयोजित 8वीं एलाइट वुमन नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए आयोजित ट्रायल के 65 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।
उन्होंने बताया कि ट्रायल हिसार के तोशाम रोड स्थित अखिल कुमार बॉक्सिंग क्लब में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में नीरज ने तीन मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने ऑल इंडिया गोल्ड मेडलिस्ट सपना (साई भिवानी), वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप मेडलिस्ट प्रांजल (एनसीओई रोहतक) और निकिता (साई हिसार) को हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
श्योनाथ नंबरदार बॉक्सिंग एकेडमी के मुख्य कोच कप्तान सिंह ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। बताया कि नीरज फोगाट अब 21 से 27 मार्च तक ग्रेटर नोएडा स्थित गुट्टा बुधा विश्वविद्यालय में आयोजित 8वीं एलाइट वुमन नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। नीरज फोगाट की इस उपलब्धि पर कोच नेहा सांगवान, कप्तान सिंह, मीर सिंह सांगवान, सचिव मनोज व अधिवक्ता देवेंद्र चाहार ने बधाई दी है।