जिलास्तरीय समाधान शिविर में शिकायतें सुनते नगराधीश जितेंद्र कुमार। स्रोत : जनसंपर्क विभाग
- दादरी लघु सचिवालय सभागार में वीरवार को आयोजित हुआ जिलास्तरीय समाधान शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी लघु सचिवालय सभागार में वीरवार को जिलास्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। इसमें नगराधीश जितेंद्र कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और मौजूद अधिकारियों को इनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
नगराधीश ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर जिला प्रशासन की ओर से समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिन मामलों का मौके पर ही निपटारा संभव था, उन्हें तुरंत सुलझाया गया, जबकि अन्य मामलों को तय समय सीमा के भीतर हल कर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
नगराधीश ने कहा कि समाधान शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बने हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे किया जाता है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जिससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया तेज और सुगम हो जाती है।
समाधान शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। ताकि, किसी भी समस्या का समाधान लंबित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को त्वरित और प्रभावी सेवा प्रदान करना है।
- लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई
नगराधीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। इस तरह की चूक पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे सोमवार व वीरवार को आयोजित होने वाले शिविर का लाभ उठाएं।