फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: जिला परिषद चुनाव में जजपा को शिकस्त, भाजपा का दोनों सीटों पर कब्जा

Tue, 24 Jan 2023 12:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। दादरी जिला परिषद को सोमवार दोपहर को पहला प्रधान और उपप्रधान मिल गया। भाजपा के खाते में उपप्रधान की सीट निर्विरोध तो प्रधान की सीट चुनाव के जरिये गई। भाजपा के उम्मीदवार मनदीप डालावास ने जीत दर्ज की। उन्होंने जजपा के उम्मीदवार रविंद्र चरखी को एक वोट के करीबी अंतर से हराया। वार्ड-5 से जिला पार्षद चुनी गई रमेश कुमारी जिला परिषद की पहली उपप्रधान बनीं हैं। एसडीएम नवीन कुमार ने दोनों को जीत का प्रमाणपत्र दिया। चुनाव प्रक्रिया करीब ढाई घंटे तक चली।
विज्ञापन

चर्चा है कि चुनाव की अंतिम रात तक साम और दाम की नीति खेली गई। मोलभाव राशि पांच करोड़ से अधिक बताई गई है। यहां तक की प्रधान पद के लिए हुए मतदान के दौरान भी खेला हो गया। अंतिम समय में दोनों धड़ों के समर्थित पार्षद ने पाला भी बदला लेकिन अंत में नतीजे भाजपा के पक्ष में ही आए। सूत्र बताते हैं कि मतदान शुरू होने से पहले तक बाजी जजपा के पक्ष में थी।
दरअसल, जिला परिषद के प्रधान और उपप्रधान पद के चुनाव की पहली तारीख 24 दिसंबर तय हुई थी। चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए एक भी जिला पार्षद नहीं पहुंचा था। इसके कारण एडीसी अनुराग ढालिया को चुनाव स्थगित करना पड़ा था। इसके बाद चुनाव की अगली तारीख 18 जनवरी तय हुई थी और दूसरे प्रयास में भी स्थिति पहले की तरह रही और एक भी जिला पार्षद न पहुंचने से चुनाव स्थगित करना पड़ा। प्रशासन ने चुनाव की अगली तारीख 23 जनवरी तय की थी। इसके अनुसार ही सोमवार को चुनाव कराए गए। चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सभी पार्षद गाड़ियों में लघु सचिवालय पहुंचे। करीब एक बजे एसडीएम ने परिणाम घोषित किया।
विज्ञापन

- दूसरी बार चुनाव टलने के बाद हुई दोनों खेमों में हुई हलचल
चुनाव की दूसरी तारीख के दौरान भाजपा-जजपा के पांच-पांच पार्षद होने की चर्चा रही और इसे ही पार्षदों के न पहुंचने का कारण माना गया। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र परमार ने पंचकूला में अनुवीर को भाजपा ज्वाइन कराई। उस दौरान उनके साथ पांच और पार्षद मौजूद थे। उन्होंने छह पार्षदों के साथ चेयरमैन भाजपा का बनाने का दावा किया था। हालांकि सूत्र बताते हैं कि इसके बाद भी बाजी पलटी, लेकिन भाजपा पदाधिकारी फिर गोटी फिट कर गए।
- पार्षदों समेत जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी रहे मौजूद
वार्ड-1 से पार्षद मोहित साहू, दो से लक्ष्मी देवी, तीन से रविंद्र सांगवान, चार से श्यामलाल, पांच से रमेश कुमारी, छह से सुनील, सात से शर्मिला, आठ से मनदीप, नौ से नीलम, दस से निशा कुमारी और 11 से पार्षद अनुवीर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे। वहीं, जजपा की ओर से जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका और राजेंद्र लितानी लघु सचिवालय पहुंचे। भाजपा की तरफ से जिला अध्यक्ष सतेंद्र परमार और सुधीर चांदवास मौजूद रहे।
- शौचालय में भी जिला पार्षदों के साथ गए पुलिसकर्मी
मतदान प्रक्रिया जिला पार्षदों के अंदर जाने के करीब दो घंटे बाद शुरू हुई। इस दौरान पांच जिला पार्षद बीच में शौचालय गए। हालांकि इन सभी के साथ एक-एक पुलिसकर्मी भेजा गया। वहीं, एसडीएम नवीन कुमार भी चुनाव हॉल से एक बार बीच में बाहर आए। चुनाव के मद्देनजर लघु सचिवालय में सुरक्षा के प्रबंध कड़े रहे।
प्रधान पद पर मनदीप डालावास को 6 जबकि रविंद्र चरखी को 5 वोट मिले। एक वोट से विजयी रहकर मनदीप जिला परिषद के चेयरमैन बने हैं। वहीं, रमेश कुमारी निर्विरोध उपप्रधान चुनी गई है।
विज्ञापन

-नवीन कुमार, एसडीएम, दादरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें