पहले सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान बॉल पर कब्जा करने का प्रयास करते चरखी व नीमड़ीवाली के खिलाड़ी। संवाद
चरखी दादरी। गांव चरखी में आयोजित तीन दिवसीय बाबा ठाडेश्री फुटबाल प्रतियोगिता का रविवार को समापन किया गया। स्पर्धा में विभिन्न जिलों की 24 टीमों ने भाग लिया। निर्णायक मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बहु अकबरपुर की टीम ने जीत हासिल कर टूर्नामेंट अपने नाम किया। नीमड़ीवाली की टीम उप-विजेता रही। आयोजक समिति की ओर से विजेता और उप-विजेता टीम को सम्मानित किया गया।
रविवार को पहला सेमीफाइनल मेजबान चरखी और नीमड़ीवाली के बीच खेला गया। यह मुकाबला कड़ा रहा और दोनों टीमों ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए 1-1 गोल किया। मैच का नतीजा पेनल्टी शूटआउट से हुआ और इसमें नीमड़ीवाली की टीम विजेता रही।
दूसरा सेमीफाइनल उचाना व बहु अकबरपुर के बीच खेला गया। मैच में बहुअकबपुर की टीम विजेता बनी और टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद टूर्नामेंट का अंतिम एवं निर्णायक मुकाबला नीमड़ीवाली व बहु अकबरपुर के बीच खेला गया। फाइनल मैच में बहुअकबरपुर की टीम ने अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को 3-0 के अंतर से एकतरफा शिकस्त दी।
प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला पार्षद एडवोकेट रविंद्र सांगवान ने शिरकत की। उन्होंने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया। खेल आयोजन समिति के सदस्य दारा सिंह व कोच विश्वजीत चौधरी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में भूपेंद्र सांगवान, जयभगवान, सुनील लाला, ओमबीर फौगाट, विकास, बबलू दीवान, संजय, राजेश व कुलदीप आदि का सहयोग रहा।