चरखी दादरी की अनाज मंडी परिसर में खुले आसमान के नीचे रखी सरसों।
चरखी दादरी। खरीद एजेंसी हैफेड ने एक सप्ताह बाद भी अनाज मंडी में टोकन कटवाने वाले किसानों की सरसों नहीं खरीदी है। किसानों का कहना है कि फसल बिकने के बाद ही भुगतान होगा। तभी वह अपने लंबित काम करवा सकेंगे।
उन्होंने जिला प्रशासन से हैफेड के अधिकारियों को पहले से गेटपास कटवा चुके किसानों की फसल जल्द खरीदने के निर्देश देने की अपील की है।
अनाज मंडी में नैफेड के लिए सरसों की खरीद हैफेड कर रही थी। अब हैफेड अपने स्तर पर खरीद करेगी और बुधवार से हैफेड की खरीद शुरू होने की उम्मीद है। दूसरी ओर करीब 3,000 किसान मंडी में गेटपास कटवा चुके हैं, लेकिन उनकी 75,000 क्विंटल सरसों नहीं खरीदी गई है।
आढ़ती के पास उतारी गई सरसों के भुगतान के लिए किसान आए दिन मंडी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन खरीद प्रक्रिया अभी पूरी न होने की बात कहकर उन्हें बैरंग लौटाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि मंडी में फसल लाने के बाद 48 घंटे के अंदर भुगतान का दावा दादरी मंडी में पूरा नहीं किया जा रहा है।