प्रदीप हत्याकांड का खुलासास करते पुलिस अधिकारी व पीछे चेक शर्ट में आरोपी जेबीटी शिक्षक जयबीर।
- फोटो : CharkhiDadri
सांगवान खान कन्नी प्रधान प्रदीप की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई बल्कि जेबीटी शिक्षक ने की थी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए हत्यारोपी ने खतरनाक साजिश रची। अपने मंसूबे में आरोपी सफल भी हो जाता लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी इस साजिश पर पानी फेर दिया। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामले को हत्या में तरमीम करते हुए जेबीटी शिक्षक जयबीर को गिरफ्तार कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
बुधवार को महिला थाने में सांगवान खाप के कन्नी प्रधान दादारी गांव निवासी प्रदीप सांगवान के हत्याकांड का खुलासा करते हुए डीएसपी शमशेर सिंह दहिया व डीएसपी हेड क्वार्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदीप की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी जयबीर और मृतक की पत्नी जेबीटी शिक्षक है। 2018 में दोनों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से बीएड की थी और इसी दौरान दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। इसके बाद से ही दोनों के बीच संबंध थे। कुछ दिन पहले इन दोनों के संबंधों की प्रदीप को भनक लग गई। जिसके बाद अपनी पत्नी के फोन पर बात करने से लेकर बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी। जिसके बाद आरोपी जयबीर ने प्रदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
जूस में नींद की गोली मिलाकर पिलाया फिर लगाया बेहोशी का इंजेक्शन
डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि 10 अप्रैल को जयबीर ने प्रदीप को अपने घर बुलाया था। इसके बाद उसके जूस में नशे की गोलियां मिला दी। इसके प्रभाव से प्रदीप अचेत हो गया और उसके बाद जयबीर उसे उसी की कार में अपने घर से ले गया। अचेत अवस्था में उसके हाथ पर इंजेक्शन भी लगाया गया और दुर्घटना में मौत दिखाने के लिए उसके माथे पर पत्थर से वार किया।
500 मीटर दूर अस्पताल पहुंचने में लगा दिए 70 मिनट
हत्या को हादसा दिखाने के लिए जयबीर ने प्रदीप की कार की टक्कर कलियाणा रोड स्थित पेड़ में मार दी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों को जयबीर ने बताया कि ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठा प्रदीप नशे की हालत में है। इसके अलावा घटनास्थल से सिविल अस्पताल की दूरी महज 500 मीटर ही थी और इसे तय करने में जयबीर ने 70 मिनट लगा दी। तब तक प्रदीप दम तोड़ चुका था। वहीं, प्रदीप के हाथ पर लगाए गए इंजेक्शन का निशान मिटाने के लिए जयबीर ने पत्थर से हाथ पर खरोंचे भी मार दी।
मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा हमने भेज रखा है। आरोपी जयबीर ने कबूल कर लिया है कि उसने प्रदीप की हत्या की थी और बाद में इसे हादसा दिखाने का प्रयास किया था। आरोपी से पूछताछ जारी है और अगर किसी अन्य की इस मामले संलिप्ता सामने आई तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
शमशेर सिंह दहिया, डीएसपी