चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 148 बी दादरी-महेंद्रगढ़ रोड पर गांव मंदोली के समीप मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव मंदोली निवासी राजबीर (46) मंदोला के एक निजी स्कूल में बस चालक के रूप में कार्यरत था। बुधवार को बाइक से दादरी से अपने गांव लौट रहा था। जब वह गांव मंदोली के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के निकट पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजबीर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दादरी के सिविल अस्पताल में भिजवाया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजबीर शादीशुदा था और तीन बेटियों का पिता था। मृतक का भाई पूर्व सरपंच रामफल पुलिस के पास पहुंचा और ट्रक चालक के खिलाफ शिकायत दी। झोझू कलां थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप मृतक के भाई रामफल के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद