चरखी दादरी। स्वच्छता मिशन के तहत शौचालयों की कुई के मल प्रबंधन के लिए सीवर प्लांट परिसर में अब तक जगह चयनित नहीं हो सकी है। शहर में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में शौचालयों का मल डाले जाने का प्रावधान है।
स्वच्छता मिशन शाखा की ओर से मल डालने के लिए 19 टैंकर पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस समय शौचालयों की कुई के मल को इधर-उधर डालकर प्रदूषण फैलाया जा रहा है। स्वच्छता मिशन 2.0 के तहत मल प्रबंधन के तहत यह काम होना है। अधिकतर लोगों ने शौचालयों की कुई बनवा रखी हैं इनमें मल एकत्रित होता है। कुछ समय के अंतराल में ये कुई भर जाती है। इनको साफ करवाना जरूरी हो जाता है।
19 टैंकर धारक पंजीकृत हुए : विभाग ने योजना के तहत टैंकर हायर किए हुए हैं जो कुई से मल का उठान करते हैं। अब तक 19 टैंकर धारकों के पंजीकरण किए जा चुके हैं। पंजीकृत टैंकर होल्डर ही कुई को खाली कर सकते हैं। टैंकर धारक शौचालय मालिक से कुई से मल निकासी का किराया वसूलता है। यह किराया किलोमीटर के हिसाब से वसूला जाता है। शहर में शौचालय सीवर लाइनों से भी जुड़े हुए हैं और बाहरी कॉलोनियों में जहां सीवर लाइनें नहीं हैं वहां लोगों ने शौचालय कुई बना रखी हैं। गांवों में लोगों ने मकान के बाहर गली में कुई बना रखी हैं। शौचालयों की कुई की सफाई करवाने के लिए लोग टैंकर मालिक से संपर्क कर कुई को खाली करवा सकते हैं।