चरखी दादरी। गांव मानकावास में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। 14 दिन पहले ही मोनिका (30) ने एक लड़की को जन्म दिया था। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या के आरोप लगाए हैं। सोमवार को नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव लेने की बात कही और मौत के असल कारणों का पता लगाने की मांग की। बाद में पुलिस ने बयान के परिजनों के बयान के आधार पर पति सहित 7 नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और शव का पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस को दिए बयान में मृतका के चचेरे भाई भिवानी जिले के शिमलीवास के रहने वाले सुनील ने बताया कि मोनिका की शादी 1 जुलाई 2020 को गांव मानकावास निवासी दीपक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दीपक सेना में भर्ती हो गया था। इसके बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग करने लगे। समय-समय पर उन्होंने मांग पूरी भी की लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग मोनिका के साथ मारपीट करते थे और उसे काफी तंग करते थे।
ससुराल के लोग माेनिका से लड़का होने की उम्मीद लगा रहे थे लेकिन 12 जून को मोनिका से दूसरी बेटी को जन्म दिया। इसके बाद जब मायके पक्ष के लोग माेनिका के कुआं पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए तो वहां मोनिका ने ससुराल पक्ष के लोगों की ओर से तंग करने की बात बताई थी।
रविवार को परिजनों के पास कॉल आई और बताया गया कि माेनिका की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है। जब वह अस्पताल में पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी योजनाबद्ध तरीके से हत्या की है। मामले में सदर थाना पुलिस ने सुनील के बयान के आधार पर पति सहित 7 नामजद लोगों पर संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।