शहर के लोहारू रोड पर भरा बारिश का पानी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में वीरवार को मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। अलसुबह शुरू हुई बारिश करीब पांच घंटे तक निरंतर जारी रही जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया। जिले में औसतन 15 एमएम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 15 एमएम बारिश बाढड़ा क्षेत्र में हुई जबकि दादरी में 12 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। बौंद कलां क्षेत्र में बूंदाबादी हुई। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घटकर 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली।
अलसुबह से बारिश की शुरू
वीरवार सुबह करीब पांच बजे बारिश शुरू हुई जो लगभग दस बजे तक रुक-रुक कर होती रही। लगातार बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम बेहद सुहावना बना रहा। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम अनुकूल होने से दिनभर बाजारों में भी अच्छी चहल-पहल देखने को मिली और लोग खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकले।
किसानों को मिला फायदा
कृषि विभाग के कृषि विशेषज्ञ डॉ. चंद्रभान श्योराण ने कहा कि बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। जिन किसानों ने पहले ही बाजरा, कपास, ग्वार और अन्य खरीफ फसलों की बिजाई कर दी थी उनकी फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभकारी मानी जा रही है। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से अंकुरण बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं जिन किसानों ने अभी तक बिजाई नहीं की है उनके लिए भी यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। खेतों की मिट्टी में नमी आने से अब किसान आसानी से जुताई और बुवाई का कार्य शुरू कर सकेंगे। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि समय पर हुई यह वर्षा खरीफ सीजन के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
शहर के कई इलाकों में जलभराव
बारिश ने जहां लोगों और किसानों को राहत दी वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। निचले क्षेत्रों और कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा हो गया जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक सड़कों पर भरा रहा। लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग से जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की।
वर्सन:
आगामी तीन दिनों में नमी वाली हवाएं हरियाणा राज्य की तरफ आने और पंजाब पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना से हरियाणा में 6 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। ज्यादातर क्षेत्रों में 2 जुलाई से 6 जुलाई के दौरान हवा व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है । - डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग