चरखी दादरी। शहर को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से शुरू किया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन वीरवार को भी जारी रहा। उपायुक्त मनदीप कौर के सख्त आदेशों के बाद नगर परिषद की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य सड़कों पर कार्रवाई करते हुए कब्जों को हटाया। अभियान के दूसरे दिन नगर परिषद की टीम ने वार्ड-14 की बंजारा बस्ती में 30 साल पुराने अतिक्रमण हो हटवाया गया जिसे नगर परिषद की टीम ने एक दिन की मोहलत के बाद छोड़ा गया था। टीम के कर्मचारियों ने यहां विशेष रूप से कार्रवाई की। यहां सरकारी भूमि पर किए गए तीन अतिक्रमण जेसीबी से हटाए गए।
वाल्मीकि नगर में चला पीला पंजा
इस दौरान टीम शहर के वाल्मीकि नगर पहुंची। नगर में निर्माणाधीन नाले के पास अतिक्रमण के चलते कार्य अधर में लटका हुआ था। टीम पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों व नगर परिषद के अधिकारियों के बीच बातचीत हुई जिसमें आपसी सहमति बनी थी, स्थानीय लोग नाले के लिए बाधित बने अतिक्रमण को सोमवार तक स्वयं हटा लेंगे। इसके बाद टीम वार्ड- 7 में मिली शिकायत के आधार पर गली में पहुंची। इस दौरान टीम और प्रतिवादी के बीच करीब एक घंटे तक नोक-झोंक देखने को मिली लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्य सड़कों से हटाया कब्जा
नगर परिषद की टीम ने डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से बस स्टैंड तक के मुख्य मार्ग को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए सामान भी जब्त किया। यह मार्ग शहर का सबसे व्यस्त हिस्सा माना जाता है, जहां अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी।
हर रोज चलेगा अभियान
उपायुक्त मनदीप कौर के निर्देशानुसार अब यह अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। प्रशासन ने तय किया है कि अब हर रोज सीएसई और बीआई के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम फील्ड में रहेगी और निरंतर निगरानी करेगी। इस दौरान शहर रोज शहर के मुख्य बाजारों में पहुंच सख्त कार्रवाई करेगी। ताकि बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट कृषि विकास अधिकारी सत्यप्रकाश, एमई वीरेंद्र हुड्डा, जेई अजय कुमार, वशिष्ठ कुमार, पटवारी सतवीर सिंह सहित नगर परिषद के दर्जनभर कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्सन:
हमारी टीम ने वीरवार को बंजारा बस्ती में तीन जगहों से अतिक्रमण हटवाया गया है वहीं शहर के डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से बस स्टैंड तक सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटवाया गया। अब नगर परिषद की टीमें हर रोज शहर के मुख्य बाजारों से अतिक्रमण हटवाने का अभियान चलाएंगी। - विरेंद्र सिंह हुड्डा, एमई, नगर परिषद